जिले के हलैना में हुई सभा में उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि भरतपुर ब्रज मंडल का भाग है। मथुरा है, वृंदावन है, बरसाना है, गोकुल है, लेकिन ये (कांग्रेस) कहते हैं कि राम और श्रीकृष्ण हुए हीं नहीं। इतना बड़ा अपमान किया है, ये कांग्रेस के लोग हमारे इतिहास और विरासत पर ही प्रश्न खड़ा करने का प्रयास करते हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस नहीं चाहती है कि देश की समस्याओं का समाधान हो, क्योंकि कांग्रेस खुद अपने आप में समस्या है। कांग्रेस गरीबों को भूखा मारती है और आतंकवादियों को बिरियानी खिलाती है। सीएम योगी की राजस्थान में आज तीन सभाएं हैं। इनके जरिए वे चार से पांच लोकसभा सीटों पर मतदाताओं को साधेंगे।
सभा में योगी ने कहा कि देवनारायण भगवान की पावन धरा को नमन करते हुए मुगलों के छक्के छुड़ाने वाले महाराजा सूरजमल की स्मृतियों को भी नमन करता हूं। महाराजा सूरजमल ने औरंगजेब के छक्के छुड़ाते हुए उसके लाल किले में भूसा भरवाने का काम करवा दिया था। मुगल सेना उनके सामने नाक रगडऩे को मजबूर हो गई थी। जो समृद्ध और पराक्रमी परम्परा का वारिस हो, वह कभी विभाजनकारी ताकतों को प्रश्रय नहीं दे सकता है, विभाजित नहीं हो सकता है। किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह को पहली बार भारत का सर्वोच्च सम्मान दिया गया है, जो किसानों के प्रति उनकी ओर से किए गए कार्यों के प्रति हमारी कृतज्ञता है। हमारी पीढ़ी सौभाग्यशाली है कि हम सब नए भारत का दर्शन कर रहे हैं, आज पीएम मोदी के नेतृत्व में ग्लोबल पावर के रूप में भारत की पहचान बन रही है। उन्होंने कहा कि ये नया भारत है, अपने नागरिकों की सुरक्षा और देश की सीमा की सुरक्षा करना भी जानता है। अगर कोई सुरक्षा में सेंध लगाने का दुस्साहस करता है तो केवल राजस्थान में राम-राम सा ही नहीं करते, बल्कि राजस्थान में आतंकवादियों का राम नाम सत्य भी कर देते हैं। एक मीडिया रिपोर्ट कहती है कि पाकिस्तान में चुन चुनकर आतंकवादी मारे जा रहे, दुनिया आतंकवाद को बोझ मान रही है, लेकिन एक कांग्रेस थी जो अपनी सरकार के समय आतंकवादियों को बिरियानी खिलाती थी। कांग्रेस गरीबों को भूखा मारती थी और आतंकवादियों को बिरयानी खिलाती थी। मैं पूछना चाहता हूं कि क्या अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कांग्रेस के लोग करा पाते। ये बोलते हैं कि राम हुए ही नहीं।