
भिलाई. छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय ने एक बार फिर परीक्षा से जुड़ी घोर लापरवाही को अंजाम दिया है। इससे इंजीनियरिंग के करीब एक हजार छात्रों का भविष्य दांव पर लग गया है। गुरुवार को विवि ने बीई आठवें सेमेस्टर की परीक्षा ली। इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेश ब्रांच के पॉवर इलेक्ट्रॉनिक्स का पर्चा हाथ में आते ही छात्रों के होश उड़ गए। पर्चे में पूछे गए ७५ फीसदी प्रश्न आउट ऑफ सिलेबस थे। हुआ कुछ यूं है कि इस पेपर को सेट करने वाले प्रोफेसर ने शॉर्टकट का सहारा लिया। विवि वर्तमान में जो सिलेबस नहीं पढ़ाता उसके प्रश्न पेपर में सेट कर दिए। यह मामला गरमाते ही विवि प्रशासन ने शाम तक पेपर रद्द करने की अधिसूचना जारी कर दी। अब यह पेपर आगामी ११ मई को लिया जाएगा। हालांकि इस पूरे मामले में जवाब देने से कुलपति बचते रहे।
प्रोफेसर को चुकाना होगा दोबारा पेपर का खर्च
पॉवर इलेक्ट्रॉनिक्स का यह पेपर सेट करने वाली प्रोफेसर एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज की हैं। विवि ने उक्त प्रोफेसर के खिलाफ अब कड़ी कार्रवाई करने का तर्क दिया है। आला अधिकारियों ने बताया कि उक्त प्रोफेसर को आगे के वर्षों में परीक्षा कार्यों से वंचित रखा जाएगा। यही नहीं उन्हें दोबारा परीक्षा कराने में होने वाला पूरा खर्च भी विवि को देना होगा। जल्द ही विवि प्रोफेसर को नोटिस जारी करेगा।
दांव पर लगा दिया भविष्य
परीक्षा में शामिल हुए सभी छात्र अपने भविष्य को लेकर चिंता में है। सैकड़ों छात्र हैं, जिन्होंने एमबीए सरीखे अन्य कोर्स में एडमिशन ले लिया है। इसी तरह कई छात्र अपने निजी कार्यों के लिए बाहर जाने की योजना भी बना चुके थे। अब विवि की ओर से पर्चा रद्द और री-एग्जाम के चलते उन्हें अपने सारे काम स्थगित करने पड़ेगा। इसी तरह दोबारा परीक्षा देने की फजीहत अलग होगी।
विवि में हर साल पेपर रद्द का मामला
बीते साल विवि ने २५ नवंबर को पॉलीटेक्निक के पांचवे सेमेस्ट का प्रश्न पत्र पूरी तरह से अंग्रेजी माध्यम में पूछा। जबकि प्रश्न हिंदी और अंग्रेजी दोनों ही भाषाओं में दिए जाने थे। विवि ने यह बड़ी गलती डिप्लोमा के मैकेनिकल ब्रांच में थ्योरी ऑफ मशीन के पेपर में की थी। परीक्षा देने पहुंचे विद्यार्थियों को प्रश्न समझने में भारी दिक्कत हुई। विवि ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए प्रश्न-पत्र को निरस्त कर किया। इसके बाद ९ दिसंबर को दोबारा परीक्षा ली गई थी।
विवि ने पर्चा निरस्त कर दिया
सीएसवीटीयू के परीक्षा नियंत्रक एडी पाटिल ने बताया कि बीई ८वें सेमेस्टर के पर्चे में प्रश्न आउट ऑफ सिलेबस आए थे। विवि ने यह पर्चा निरस्त कर दिया है। अब दोबारा से परीक्षा ११ मई को ली जाएगी।
Published on:
03 May 2018 10:54 pm
बड़ी खबरें
View Allभिलाई
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
