
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी ग्राहक और महिला दलाल ( Photo - Patrika )
Chhattisgarh Crime News: भिलाई के स्मृति नगर चौकी क्षेत्र अंतर्गत जुनवानी स्थित ली वेलनेस स्पा सेंटर में स्पा की आड़ में देह व्यापार संचालित किए जाने का खुलासा हुआ है। मुखबिर की सूचना पर रविवार को स्मृतिनगर पुलिस ने सेंटर पर दबिश देकर मैनेजर और महिला दलाल समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री, करीब 4 लाख रुपए कीमत के 19 मोबाइल और ग्राहकों से प्राप्त 1,900 रुपए नकद जब्त किए हैं।
डीएसपी भारती मरकाम ने बताया कि सूचना मिली थी कि जुनवानी के ली वेलनेस स्पा सेंटर में स्पा की आड़ में अवैध गतिविधियां चल रही हैं। सूचना की पुष्टि के बाद स्मृतिनगर पुलिस ने टीम गठित कर सेंटर में दबिश दी। जांच के दौरान पुलिस को ग्राहकों से पैसे लेकर महिलाओं को उपलब्ध कराने की गतिविधि के साक्ष्य मिले। मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई।
डीएसपी ने बताया कि स्पा सेंटर का मैनेजर तनय सोनी पैसे लेकर महिलाओं को ग्राहकों के लिए उपलब्ध कराने का काम करता था। वहीं एक महिला को दलाल के रूप में चिन्हित किया गया है। महिला दलाल के माध्यम से महिलाओं को बुलाकर ग्राहकों से संपर्क कराया जाता था। मौके पर ग्राहक और अन्य संबंधित व्यक्ति भी मिले।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 19 मोबाइल जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपए है। इसके अलावा 1,900 रुपए नकद, ग्राहकों और देह व्यापार में शामिल व्यक्तियों से संबंधित दस्तावेज, आपत्तिजनक सामग्री और अन्य सामान भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने आरोपी तनय सोनी, रूपेन्द्र जंघेल, रितिक सोनी, दिनेन्द्र कुमार सोनी, हेमंत सिन्हा, अविनाश शर्मा उर्फ अभी, आनंद कुमार और अरुण पांडेय समेत महिला दलाल को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 एवं 7 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
Updated on:
10 Aug 2026 12:31 pm
Published on:
10 Aug 2026 12:20 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
