
भिलाई में खुला प्रदेश का पहला ‘ग्रेन एटीएम’ (photo source- Patrika)
Chhattisgarh Grain ATM: राशन लेने के लिए अब हितग्राहियों को दुकान खुलने के समय का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। भिलाई में छत्तीसगढ़ का पहला ‘ग्रेन एटीएम’ शुरू किया गया है। इस आधुनिक मशीन के जरिए राशनकार्डधारी अब 24 घंटे अपनी सुविधा के अनुसार चावल प्राप्त कर सकेंगे। ग्रेन एटीएम में राशन कार्ड नंबर या आधार नंबर दर्ज करने के बाद हितग्राही का बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा।
सत्यापन प्रक्रिया पूरी होते ही मशीन राशन कार्ड में दर्ज पात्रता के अनुसार निर्धारित मात्रा में चावल उपलब्ध करा देगी। यह पहल वल्र्ड फूड प्रोग्राम (World Food Programme) के सहयोग से शुरू की गई है। इसका उद्देश्य राशन वितरण प्रणाली को और अधिक आसान, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाना है।
ग्रेन एटीएम के उद्घाटन के दौरान खाद्य विभाग के अधिकारियों ने मशीन की पूरी कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने बताया कि सबसे पहले मशीन में राशन कार्ड नंबर दर्ज किया गया, इसके बाद बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई। सत्यापन सफल होने के बाद मशीन से पात्रता के अनुसार 20 किलो चावल की बोरी बाहर निकली। अधिकारियों के मुताबिक पूरी प्रक्रिया डिजिटल होने से राशन वितरण में गड़बड़ी की संभावनाएं कम होंगी और हितग्राहियों को कम समय में सुविधा मिल सकेगी।
अब तक हितग्राहियों को राशन दुकान खुलने के निर्धारित समय पर ही पहुंचना पड़ता था। कई बार कामकाज, मजदूरी या अन्य कारणों से लोग समय पर दुकान नहीं पहुंच पाते थे। ग्रेन एटीएम शुरू होने से ऐसे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अब वे अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी समय मशीन से राशन प्राप्त कर सकेंगे।
वार्ड 15 आम्बेडकर नगर के पार्षद संतोष मौर्य ने कहा कि इस सुविधा का सबसे बड़ा लाभ प्रवासी मजदूरों और कामकाजी लोगों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि कई लोग रोजगार के कारण राशन दुकान के तय समय पर नहीं पहुंच पाते हैं। ऐसे लोगों के लिए ग्रेन एटीएम एक सुविधाजनक विकल्प साबित होगा, जहां वे अपनी सुविधा के अनुसार राशन ले सकेंगे।
भिलाई में शुरू हुए इस ग्रेन एटीएम का उद्घाटन विधायक रिकेश सेन ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल वर्चुअल माध्यम से जुड़े, जबकि शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव कार्यक्रम की अध्यक्षता में मौजूद रहे। फूड कंट्रोलर अनुराग भदौरिया ने बताया कि यह मशीन 24 घंटे संचालित होगी। हितग्राही अपनी पात्रता के अनुसार कभी भी मशीन से चावल प्राप्त कर सकेंगे।
ग्रेन एटीएम को प्रदेश की राशन वितरण व्यवस्था में तकनीकी बदलाव की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे जहां हितग्राहियों का समय बचेगा, वहीं राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता भी बढ़ेगी। भविष्य में इस तरह की तकनीक का विस्तार होने से अधिक से अधिक लोगों को घर के पास और अपनी सुविधा के अनुसार राशन उपलब्ध कराने की दिशा में मदद मिल सकती है।
Updated on:
09 Aug 2026 10:08 am
Published on:
09 Aug 2026 10:08 am
