
बीएसपी स्क्रैप चोरी कांड (फोटो सोर्स- AI)
BSP Scrap Scam: भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) से 250 टन लौह स्क्रैप चोरी के हाई-प्रोफाइल मामले में गिरफ्तार आरोपी भास्कर मुदलियार उर्फ बाचू को पुलिस ने तीन दिन के रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की है। पूछताछ के बाद शुक्रवार को फिर न्यायालय में पेश कर जेल दाखिल कराया गया। जानकारी के मुताबिक आरोपी भास्कर ने पूछताछ में पुलिस के सामने कई अहम खुलासे किए हैं। बीएसपी में वर्षों से चल रहे स्क्रैप और अन्य कीमती सामग्री की चोरी के बारे में कई राज उगले हैं।
26 मई को भिलाई-3 थाना पुलिस और एटीएस की संयुक्त टीम ने ग्राम अकलोरडीह स्थित एके ट्रेडर्स में छापेमारी कर करीब 250 टन चोरी का लौह स्क्रैप जब्त किया था। पुलिस ने लगभग 3.22 करोड़ रुपए की संपत्ति बरामद करने का दावा किया। जांच के दौरान बीएसपी के एक महाप्रबंधक, एसोसिएट इंजीनियर, ट्रांसपोर्टर, सुपरवाइजर और चोरी का माल खपाने वाले कारोबारियों सहित 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, पहले गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में भास्कर मुदलियार का नाम सामने आया था। आरोप है कि वह चोरी का स्क्रैप खरीदकर अपनी फैक्ट्री में डंप कराता और बाद में रसमड़ा व रायपुर की आयरन फैक्ट्रियों में बेच देता था। उसे गिरफ्तार कर पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था। बाद फिर पूछताछ के लिए तीन दिन के रिमांड पर लिया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक बीएसपी से चोरी का लोहा कहां बेचता था और कौन कौन सहयोग करता था, इसकी पूरी जानकारी आरोपी ने पुलिस को बताया है।
आरोपी गिरीश खंडेलवाल, ट्रांसपोर्टर अभय सिंह और एके ट्रेडर्स के गोदाम संचालक सलीम अब भी फरार बताए जा रहे हैं। घटना के करीब ढाई महीने बाद भी पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इस बीच आरोपी हिमांशु खंडेलवाल फरारी के दौरान हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत प्राप्त कर चुका है। पुलिस का कहना है कि विवेचना के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।
आरोपी को तीन दिन की रिमांड पर लिया गया था। पूछताछ में कई जानकारियां मिलीं हैं इससे आगे जांच को दिशा मिलेगी। मामले की विवेचना लगातार जारी है। आवश्यकता के अनुसार आगे भी जरूरत पडऩे पर अन्य आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। - विजय अग्रवाल, एसएसपी दुर्ग
Updated on:
07 Aug 2026 01:26 pm
Published on:
07 Aug 2026 01:26 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
