
Bhilai Crime News: एक तरफा प्रेम में आरोपी ने किशोरी को चाकूओं से गोदकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आगे आई बहन पर भी चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घंटेभर के अंदर आरोपी महेश यादव को गिरफ्तार कर लिया। मामला भिलाई थाना क्षेत्र का है।
सुपेला पुलिस ने बताया कि इंदिरा नगर सुपेला निवासी आरोपी महेश यादव चोरी के मामले में जेल गया था। इसी महीने जमानत पर रिहा होकर आया था। उसका दुर्गापारा निवासी 17 वर्षीय किशोरी से एक तरफा प्रेम था। गुरुवार को दोपहर किशोरी और उसकी 15 वर्षीय छोटी बहन रामनवमी का पूजन करने सुपेला के शीतला माता मंदिर गई थी। इस बीच मंदिर के पास रहने वाले आरोपी महेश की नजर उस पर पड़ गई।
उसकी हत्या करने की नीयत से घर से सब्जी काटने वाला चाकू ले आया। उससे बात करने के बहाने शीतला मंदिर तालाब में बने आईलैंड के पास ले गया। इसके बाद महेश ने अपने पास रखे चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। कुछ दूरी पर खड़ी उसकी छोटी बहन को जानकारी हुई तो बीच-बचाव करने पहुंची। महेश ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।
शीतला माता मंदिर के पास जहां किशोरी की हत्या हुई, वहां दिन में भंडारे का आयोजन हुआ था। इसके चलते भंडारे के बाद भी लोगों की काफी चहल पहल रही। आरोपी ने साढ़े तीन से चार बजे के बीच वारदात को अंजाम दिया। उस दौरान मोहल्ले के कई लोगों ने आरोपी को भागते देखा। लेकिन जब तक उन्हें घटनाक्रम समझ में आती, तब तक आरोपी फरार हो चुका था।
सुपेला पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ नकबजनी के करीब 5 मामले दर्ज हैं। चार से पांच महीने पहले ही चोरी के मामले में अपने साथियों के साथ पकड़ा गया था। पिछले महीने 28 फरवरी को ही जेल से छुटकर आया था। आरोपी महेश की मृतिका की पहले से जान पहचान थी, लेकिन उसके जेल जाने के बाद से किशोरी ने उससे बिलकुल बात करना बंद कर दिया। उसके परिजनों से विवाद के चलते ही आरोपी ने किशोरी की हत्या की प्लानिंग की थी।
तीसरी किशोरी ने तालाब में कूदकर बचाई जान
घटना स्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार दोनों बहनों के साथ उसकी एक सहेली भी थी। जब छोटी बहन बीच-बचाव के लिए पहुंची तो वो भी मौके पर मौजूद थी। आरोपी छोटी बहन को भी चाकू मारने के बाद उसे भी मारने के लिए दौड़ा था। लेकिन उसने आईलैंड से तालाब किनारे छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि चीख-पुकार सुनकर पहले लोगों को लगा कि कोई तालाब में डूब गया है। लेकिन बाद में हत्या की जानकारी हुई।
राजीव शर्मा, डीएसपी क्राइम ने कहा, किशोरी की हत्या करने वाला आरोपी महेश यादव पर नकबजनी के पांच केस दर्ज हैं। पिछले महीने ही जेल से छूटकर आया था। एक तरफा की वजह से किशोरी की हत्या को अंजाम दिया।
किशोरी के परिजनों से हुआ था विवाद
मृतिका के भाई ने बताया कि उसकी बहन ने नवरात्रि के 9 दिन का व्रत रखा था। घर में पूजापाठ के बाद शीतला मंदिर तालाब में ज्वार चढ़ाने करीब दो बजे छोटी बहन के साथ निकली थी। आरोपी काफी समय से बहन को परेशान कर रहा था। पड़ोसियों ने बताया कि इस वजह से किशोरी के पिता का महेश से विवाद भी हुआ था। पुलिस ने बताया कि आरोपी महेश यादव पिछले कई दिनों से उसकी हत्या की फिराक में घूम रहा था। गुरुवार को जब उसने किशोरी को शीतला माता मंदिर में देखा तो अपना आपा खो बैठा। भीड़-भाड़ की परवाह किए बगैर चाकू से किशोरी के गर्दन, सीने और पीठ पर वार करता रहा।
Published on:
31 Mar 2023 12:55 pm
बड़ी खबरें
View Allभिलाई
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
