
भिलाई भी बन सकता है अगला मुखर्जी नगर- मैसी (फोटो सोर्स- पत्रिका)
Bhilai News: फिल्म 12वीं फेल से सिविल सेवा की तैयारी करने वाले युवाओं के संघर्ष को पर्दे पर उतारने वाले बॉलीवुड अभिनेता विक्रांत मैसी ने कहा कि अगर छोटे शहरों में भी दिल्ली जैसा माहौल और बेहतर कोचिंग उपलब्ध हो जाए तो छात्रों को मुखर्जी नगर या ओल्ड राजेंद्र नगर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सही संसाधन और माहौल मिले तो भिलाई भी आईएएस की तैयारी के लिए अगला मुखर्जी नगर बन सकता है।
विक्रांत मैसी शुक्रवार को रूंगटा इंटरनेशनल स्किल्स यूनिवर्सिटी में आयोजित रूंगटा आईएएस अकादमी के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के पूर्व डीजीपी आईपीएस आरके विज विशिष्ट अतिथि रहे। दोनों अतिथियों ने अकादमी के लिए बनाए गए ऑडियो-विजुअल स्टूडियो का उद्घाटन किया और यूनिवर्सिटी के फिल्म एवं मीडिया विभाग के नए फिल्म सेट का लोकार्पण किया।
विक्रांत ने बताया कि फिल्म 12वीं फेल की तैयारी के दौरान उन्होंने दिल्ली के मुखर्जी नगर और ओल्ड राजेंद्र नगर में समय बिताया था। वहां सिविल सेवा की तैयारी कर रहे युवाओं के जीवन को करीब से समझने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि कई बार वे सडक़ किनारे खड़े होकर नाश्ता करते थे, ताकि उस माहौल को महसूस कर सकें और अपने किरदार को बेहतर तरीके से जी सकें।
कार्यक्रम में पूर्व डीजीपी आरके विज ने भी छात्रों से अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि उनके समय में न कंप्यूटर थे और न मोबाइल फोन, पढ़ाई का मुख्य आधार केवल किताबें थीं। उन्होंने छात्रों को रोजाना अखबार पढ़ने की आदत डालने और स्टडी ग्रुप बनाकर तैयारी करने की सलाह दी।
इस अवसर पर बताया गया कि रूंगटा आईएएस अकादमी में देश की प्रमुख कोचिंग संस्थाओं की फैकल्टी द्वारा ऑफलाइन कक्षाएं ली जाएंगी। यहां छात्रों को स्टडी मटेरियल, मॉक टेस्ट, इंटरव्यू प्रिपरेशन और करंट अफेयर्स विश्लेषण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही तीन वर्षीय यूपीएससी इंटीग्रेटेड प्रोग्राम और 10 महीने का विशेष यूपीएससी कोर्स भी शुरू किया गया है।
Updated on:
14 Mar 2026 08:09 pm
Published on:
14 Mar 2026 08:08 pm
बड़ी खबरें
View Allभिलाई
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
