
राजनांदगांव/डोंगरगढ़ .धर्मनगरी डोंगरगढ़ में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के बोनस वितरण कार्यक्रम का विरोध करने के पहले छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के कार्यकर्ता गिरफ्तार कर लिए गए। जनता कांग्रेस के कार्यकर्ता किसानों को पांच साल का बोनस और राज्य में अफसरशाही और घूसखोरी के विरोध में प्रदर्शन करने वाले थे। कार्यकर्ता अपने हाथों को लाल रंग में रंगकर सीएम को दिखाने एकत्र हुए थे।
हाथों को लाल रंग से रंगकर कार्यक्रम स्थल की ओर जा रहे थे
मुख्यमंत्री के आने से पहले ही छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जोगी) के पदाधिकारी व कार्यकर्ता रिश्वतकांड मामले को लेकर हाथों को लाल रंग से रंगकर कार्यक्रम स्थल की ओर जा रहे थे। इस बीच पुलिस ने जोगी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को रास्ते में गोलबाजार के पास ही गिरफ्तार कर लिया।
बोनस वितरण कार्यक्रम को चुनावी फंडा बताते हुए नारे लगाए
जोगी कांग्रेस की ओर से बोनस वितरण कार्यक्रम पर भी सवाल उठाते हुए इसे किसानों के साथ महज धोखा और चुनावी फंडा बताते हुए नारे लगाए गए। एसडीएम दफ्तर में सामने आए रिश्वतखोरी के मामले में जोगी कांग्रेस के पदाधिकारियों ने कहा कि भाजपा शासनकाल में अफसर किस तरह भ्रष्ट हो गए हैं और हर काम के लिए पैसे मांग रहे हैं।
बाबू से लेकर अफसर रिश्वत के बिना काम नहीं कर रहे
जोगी कांग्रेस के युवा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने कहा कि प्रशासन पर नियंत्रण नहीं होने की वजह से खुलेआम रिश्वतखोरी हो रही है। बाबू से लेकर अफसर रिश्वत के बिना काम नहीं कर रहे हैं। इस वजह से मुख्यमंत्री को मुखौटा लगाकर और हाथों को लाल रंग से रंगकर प्रदर्शन करते हुए कार्यक्रम स्थल की ओर जा रहे थे ताकि मुख्यमंत्री को रिश्वतखोरी से रंगे हाथों को दिखा सकें पर पुलिस ने रास्ते में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जोगी कांग्रेस के लगभग ४५ कार्यकर्ताओं को अस्थाई जेल में रखा है।
Published on:
06 Oct 2017 12:36 pm
बड़ी खबरें
View Allभिलाई
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
