27 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कमिश्नर ने सांसद का फोन रिसीव नहीं किया, बोले पीएम से शिकायत करेंगे और कभी प्रमोशन होने नहीं देंगे

कमिश्नर को मोबाइल रिसीव नहीं करने की आदत भारी पड़ गई। यहां तक कह दिया कि नहीं सुधरे तो पीएम से शिकायत करेंगे और कभी प्रमोशन नहीं होने देंगे।

2 min read
Google source verification
MP Tarmradhavaj sahu

दुर्ग . निगम कमिश्नर को मोबाइल रिसीव नहीं करने की आदत भारी पड़ गई। इससे नाराज सांसद ताम्रध्वज साहू ने कलक्टर और जिला प्रशासन के तमाम आला अधिकारियों की मौजूदगी में जमकर फटकार लगाई। दो टूक लहजे में सांसद ने यहां तक कह दिया कि नहीं सुधरे तो सीधे पीएम से शिकायत करेंगे और कभी प्रमोशन नहीं होने देंगे।

कलक्टोरेट में जिला निगरानी समिति की बैठक
कलक्टर ताम्रध्वज साहू ने मंगलवार को कलक्टोरेट के सभा कक्ष में जिला निगरानी समिति की बैठक ली। देर शाम तक चली मैराथन बैठक में अधिकतर समय भिलाई कमिश्नर केएल चौहान निशान पर रहे। दरअसल बार-बार फोन करने पर भी मोबाइल रिसीव नहीं करने, निगम के आयोजनों में प्रोटोकॉल का पालन नहीं करने व बैठकों में खुद आने के बजाए अधीनस्थों को भेज दिए जाने से सांसद नाराज थे। बैठक में उन्होंने इस सब बातों का जिक्र कर निगम कमिश्नर को जमकर फटकार लगाई और सुधर जाने की नसीहत दी। बैठक में विधायक अरूण वोरा, दुर्ग महापौर चन्द्रिका चन्द्राकर, जिला पंचायत सीईओ आरके खुंटे, विधायक प्रतिनिधि दयाराम साहू भी मौजूद थे।

आरटीई में नहीं चलेगी मनमानी, कम्प्यूटर से होगा चयन
सांसद ने शिक्षा का अधिकार के तहत निजी स्कूलों में बच्चों के प्रवेश में गड़बड़ी की शिकायतों पर भी नाराजगी जाहिर की। डीईओ आशुतोष चावरे को उन्होंने ऑनलाइन व्यवस्था के आधार पर कम्प्यूटर से स्कूल के नाम व बच्चों के चयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा गड़बड़ी पर अफसर की जिम्मेदारी होगी।

कितने सड़क की जरूरत नहीं बता पाए अफसर
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की समीक्षा के दौरान सांसद ने प्रभारी इंजीनियर से जिले में नई सड़कों की जरूरत की जानकारी चाही। इस पर इंजीनियर कोई भी जवाब नहीं दे पाए। इस पर भी सांसद ने नाराजगी जताई। उन्होंने जल्द जानकारी तैयार कर देने के लिए कहा।

कॉलोनाइजरों पर लगेगा जुर्माना
सांसद ने निजी बिल्डरों द्वारा बनाए जा रहे कालोनियों में सार्वजनिक उपयोग की सड़क, उद्यान व अन्य सुविधा की जमीन बेचने की शिकायतों पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने ऐसे बिल्डर्स व कॉलोनाइजर्स पर जुर्माना लगाकर वसूली के निर्देश दिए।

भिलाई में बनेगा ऑक्सी जोन
बैठक में सांसद ने दुर्ग-भिलाई में प्रदूषण की स्थिति पर भी चिंता जाहिर की।उन्होंने इससे राहत के लिए उपाय के साथ भिलाई में ऑक्सीजोन बनाने के लिए 15 एकड़ जमीन की तलाश के लिए कहा। इसके अलावा विक्षिप्त महिलाओं की भी देखभाल के उपाय करने के लिए कहा।

वोरा ने पूछा लोक सुराज का हिसाब
बैठक में विधायक अरुण वोरा ने योजनाओं के क्रियान्वयन पर सवाल खड़े किए। उन्होंने पिछले लोक सुराज में मांगें गए 43 करोड़ के कामों का हिसाब भी पूछा। उन्होंने कहा कि ये काम कब कराए जाएंगे इसे जनता को बताया जाना चाहिए।

दायित्वों का पालन किया जाना चाहिए
सांसद ताम्रध्वज साहू ने बताया कि फटकार लगाने जैसी कोई बात नहीं हैं। ऐसी बातें बैठकों में होती रहती है। लोक सेवक होने के नाते दायित्वों का पालन किया जाना चाहिए। बैठक में केवल यही बात कही गई। इसके अलावा जनहित के योजनाओं की जानकारी ली गई।