
स्कूल के खेल मैदान में निगम आया सियान सदन का निर्माण करने, पूर्व एमआईसी सदस्य भड़के, कांग्रेस अध्यक्ष को सौंपा इस्तीफा
भिलाई. मदर टेरेसा नगर, में ज्ञानोदय विद्यालय 1989 से संचालित हो रहा है। इसके परिसर में ही बच्चों का खेल मैदान है। मंगलवार को परिसर में बच्चे खेल रहे थे, तभी एकाएक इस मैदान में पहले निगम के कुछ कर्मचारी व अधिकारी पहुंचे। देखते ही देखते छावनी थाना से पुलिस की टीम भी स्कूल परिसर में प्रवेश कर गई। स्कूल में पुलिस की दबिश देखकर मोहल्ले के लोग भीतर आए। प्राचार्य परमजीत कौर से निगम के अधिकारियों ने दस्तावेज दिखाने कहा। इसके बाद परिसर में चल रहे मंच के संबंध में पूछताछ किया। उन्होंने बताया कि बच्चों को राष्ट्रगान के दौरान कतार में लगाया जाता है। इसके सामने मंच बना रहे हैं। यहां शिक्षक मौजूद रहेंगे। सभी स्कूल में ऐसे ही होता है।
जोन आयुक्त आते ही बढ़ा तापमान
जोन आयुक्त अमिताभ शर्मा इसके बाद स्कूल परिसर में प्रवेश किए। आते ही उन्होंने मौजूद निगम के अन्य अधिकारी से, सियान सदन का किस स्थान पर निर्माण किया जाएगा, यह सवाल पूछा। अधिकारी ने स्कूल के मेनगेट के करीब से बनाने की बात कही। उन्होंने मौके पर जाकर स्थल को देखा। इस दौरान पुलिस के अधिकारी व जवान भी मौजूद थे।
जनप्रतिनिधि से हो गई बहस
पूर्व एमआईसी सदस्य ने कहा कि स्कूल परिसर के भीतर कैसे बनाया जा सकता है। दूसरे जगह बनाओ और भी जगह खाली है। इस पर जोन आयुक्त ने कहा कि सरकारी जमीन है। यहां पर ही बनाया जाएगा। इस पर पूर्व एमआईसी सदस्य ने कहा कि एक दिन का वक्त दो, पहले महापौर और विधायक से और एक बार बात कर लेते हैं। इस पर अधिकारी ने कहा कि अब और बात करने वक्त नहीं दिया जा सकता। पूर्व एमआईसी सदस्य ने कहा कि ऐसे में वे यहां धरने पर बैठ जाएंगे। जोन आयुक्त ने कहा कि अगर ऐसा करते हैं, तब मजबूरी में फोर्स बुलाकर निर्माण करवाया जाएगा।
स्कूल के सदस्यों ने भी किया विरोध
इस बीच जोन आयुक्त के सामने स्कूल के सदस्यों ने भी परिसर के भीतर सियान सदन निर्माण करने की बात का विरोध किया। महिलाओं ने भी आकर सियान सदन स्कूल परिसर में बनाने से मना किया। इसके बाद भी जोन आयुक्त ने स्पष्ट किया कि उनको यह काम करना है। विरोध जिसको करना है करे, वे अपने काम को अंजाम देंगे। स्कूल के कुछ सदस्यों ने जोन आयुक्त से अलग-अलग से बात भी की।
15 साल भाजपा सरकार ने नहीं दिया दखल
पूर्व एमआईसी सदस्य दिवाकर भारती ने बताया कि इस मामले मेंं वे पहले ही महापौर नीरज पाल और विधायक देवेंद्र यादव से चर्चा कर चुके हैं। वे दूसरी जगह सियान सदन के लिए चयन करने की बात किए थे। तब कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मुकेश चंद्राकर मौजूद थे। अब अगर नहीं मान रहे हैं, तो बनाइए सियान सदन। पूर्व विधायक भजन सिंह निरंकारी ने तो इस स्कूल के बच्चों के लिए कमरा भी बनवाया था। एक पार्षद ने पुस्तकालय के लिए कमरा बनवाया था। 15 साल तक भारतीय जनता पार्टी की सरकार रही। तब किसी ने स्कूल में इस तरह से दखल नहीं दिया। अब पार्टी के लोग ही स्कूल संचालन में दखल दे रहे हैं।
अध्यक्ष को सौंपा इस्तीफा
सियान सदन का निर्माण करवाने के लिए निगम के अधिकारी स्कूल पहुंचे। विरोध होने की आशंका को देखते हुए, एहतियात के तौर पर पुलिस को भी तैनात कर दिए थे। निगम अधिकारियों ने बताया कि जगह तय हो गई है, सियान सदन अब, यहीं बनाया जाएगा। जनप्रतिनिधियों ने पूछा कि बच्चे कहां खेलने जाएंगे। पूर्व एमआईसी सदस्य डॉ. दिवाकर भारती इस पर भड़क गए। उन्होंने बताया कि इस विषय को लेकर भिलाई जिलाध्यक्ष मुकेश चंद्राकर को इस्तीफा सौंप दिए हैं। यहां 300 गरीब बच्चे पढ़ रहे हैं। यहां किसी भी तरह का निर्माण किया जाता है, तो उसका प्रतिकूल असर पड़ेगा। सियान सदन का निर्माण कार्य किया जाता है, तब यहां वे टेंट लगाकर धरना प्रदर्शन करेंगे। इसके लिए जो भी जिम्मेदार हैं, उनका पुतला भी फूंका जाएगा। अंत में निगम के अधिकारी स्कूल के एक हिस्से का नाप लेकर लौट गए।
Published on:
26 Sept 2023 09:11 pm
बड़ी खबरें
View Allभिलाई
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
