
लॉ व बीकॉम सहित 35 विषयों के बदलेंगे सिलेबस, GST को पाठ्यक्रम में शामिल करने का प्रस्ताव
भिलाई.दुर्ग विश्वविद्यालय के संबद्ध कॉलेजों में संचालित 35 विषयों के सिलेबस में इस साल बदलाव की उम्मीद है। मुख्य विषयों में संशोधन के लिए केंद्रीय अध्ययन मंडलों की बैठकों का दौर शुरू हो गया है। यह बैठक पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में कराई जा रही है। खास बात यह है कि इस साल प्रदेश के तमाम विश्वविद्यालयों के सिलेबस में तब्दीलियां होनी हैं।
रविवि में सभी विवि के डीन एकत्रित होकर सिलेबस में बदलाव की समीक्षा कर रहे हैं। सोमवार को दुर्ग विवि विधि, भाषा विज्ञान, ग्रंथालय सूचना विज्ञान, दर्शनशास्त्र, भूविज्ञान, गणित व भौतिक सरीखे विषयों की बैठक हुई। अध्ययन मंडल के चेयरमैन व डीन ने केंद्रीय समिति के सामने सिलेबस में बदलाव का मसौदा रखा है। यह बैठक बुधवार तक चलेगी। बैठकों का संचालन उच्च शिक्षा विभाग द्वारा किया जा रहा है।
लॉ के सिलेबस में होंगे बड़े बदलाव
सोमवार को हुई विधि अध्ययन मंडल की बैठक में दुर्ग विवि की डीन सुशीला यादव ने पाठ्यक्रम में जीएसटी का पार्ट जोडऩे का प्रस्ताव रखा, जिस पर सभी सदस्यों ने हामी भरी है। अभी तक लॉ में आयकर विधि छत्तीसगढ़ वैल्यू एडिट टैक्स पढ़ाया जा रहा है, जबकि नए संशोधन के बाद सिलेबस में गुड्स एंड सर्विस टैक्स(जीएसटी) जोड़ा जाएगा।
इसी तरह किशोर न्यायालय अधिनियम 2000 के स्थान पर अधिनियम 2015 से पढ़ाई होगी। विधि संकाय के सभी डीन ने यह भी तय किया है कि प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में बीए.एलएलबी एवं एलएलबी के एक समान पाठ्यक्रम लागू किए जाएंगे। सभी विश्वविद्यालय रविवि के सिलेबस को फॉलो करेंगे। यह भी तय हुआ है कि सभी महाविद्यालयों में विधि बाह्य परीक्षक विवि स्तर पर नामांकित किए जाएंगे।
बीकॉम में जुड़ेगा जीएसटी
मंगलवार को वाणिज्य अध्ययन शाला की बैठक है। इस बैठक में दुर्ग विवि के डीन व बीओएस चेयरमैन जीएसटी को पाठ्यक्रम में शामिल करने का प्रस्ताव रखेंगे। इसके अलावा गृह-विज्ञान, वनस्पतिशास्त्र, प्राणी शास्त्र, सुक्ष्य जीव विज्ञान, हिंदी व अंग्रेजी अध्ययन मंडल की बैठक भी होगी।
Published on:
12 Jun 2018, 11:17 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.