
भीलवाड़ा: गर्मी में दाे घंटे इंतजार करते रहे लोग, सीएम ने दिए महज पांच मिनट
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से जनता दरबार में सुनवाई की उम्मीद थी, लेकिन सीएम ने लोगों को पांच मिनट ही दिए। सुबह आठ बजे से लोग सर्किट हाउस आने लगे। साढ़े आठ बजे सुनवाई का समय तय था। सर्किट हाउस परिसर में लोगों के लिए शमियाना लगवाया। दो घंटे बाद साढ़े दस बजे गहलोत कमरे से निकले। तब तक लोग उमस व गर्मी से बेहाल रहे। लोगों के हाथों में ज्ञापन व शिकायतें थी।
सीएम ने जनता दरबार में पहुंचते ही अपनी तबीयत के बारे में बताया। कहा-पैर में फ्रेेक्चर है। डॉक्टर ने आराम की सलाह दी, लेकिन दौरे कर रहा हूं। इसके चलते सुनवाई में आने में देरी हुई। सबके ज्ञापन मिल गए। सीएम ने कलक्टर को कहा कि रिपोर्ट बना मुख्यमंत्री कार्यालय भेजे। निराकरण का प्रयास किया जाएगा। सीएम के सीधे सुनवाई नहीं करने से लोग मायूस हो गए।
चुनाव आ गए, अब एक माह मत मांगो
सीएम ने सुनवाई में कहा कि सरकार ने इतने काम किए कि हिन्दुस्तान में नहीं हुए। विधायक मांगते-मांगते थक गई, लेकिन मैं देते-देते नहीं थका। अब चुनाव आ गए हैं। विधायकों को कहा कि वह काम मांगना बंद करें। चुनाव में लगो और चुनाव जिताओ। चुनाव के बाद आपका काम अवश्य होगा। इस दौरान राजस्व मंत्री रामलाल जाट व कांग्रेस जिलाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी लोगों को शांत करते नजर आए।
गुस्सा शांत कराने में छूटे पसीने
सीएम ने जैसे ही उदबोधन बंद किया लोग ज्ञापन देने उठ गए। कुछ देर जन सुनवाई में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी लोगों को शांत कराते रहे। कई लोग अफसरों से उलझ गए। सीएम महज पांच मिनट जन सुनवाई में रूके। उसके बाद हैलीपेड चले गए। सीएम के पहुंचने से पहले कलक्टर ने कर्मचारी को बैठाकर लोगों से ज्ञापन लिए। सबको सुनवाई में व्यविस्थत बैठाया।
तू सरकारी वकील, तू मेरी पैरवी कर
विशिष्ट लोक अभियोजक नारायणी बागरिया भी शिकायत लेकर जन सुनवाई में पहुंची। आगे की पंक्ति में महिलाओं के साथ बैठी थी। जैसे ही नारायणी ने समस्या रखी। सीएम ने कहा कि तुम सरकारी वकील हो, तू तो मेरी पैरवी कर। तू तो उल्टी पैरवी कर रही है।
हैलीपेड पहुंचे, फिर बदला कार्यक्रम, धरियावद गए
सीएम 11.15 बजे हैलीपेड पहुंचे। हैलीकॉप्टर तक गए। फिर गाड़ी घुमाकर वापस हैलीपेड के सेफ हाउस आए, जहां सवा घंटे रूके। सर्किट हाउस से मंगवा कर भोजन किया। यहां रूकने के पीछे बड़ी वजह धरियावाद क्षेत्र में गर्भवती विवाहिता को निर्वस्त्र कर घुमाने के मामले में पीडि़ता से मिलने वहां जाना था। सीएम ने प्रतापगढ़ के जिला प्रशासन को तैयारियां के लिए समय दिया। तब तक हैलीपेड के सेफ हाउस में रूके। करीब सवा घंटे बाद सीएम धरियावाद रवाना हुए। उदयपुर संभागीय आयुक्त राजेन्द्र भट्ट व पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार लाम्बा को साथ ले गए। पुलिस ने हैलीपेड पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी को रोकने का प्रयास किया। त्रिपाठी की पुलिस से तकरार हुई।
Published on:
03 Sept 2023 12:06 pm
बड़ी खबरें
View Allभीलवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
