
Bhilwara Triple Murder
Bhilwara Triple Murder Case: राजस्थान के भीलवाड़ा में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे शहर को सन्न कर दिया है। दो दिनों में तीन लोगों की बेहद निर्मम हत्या करने वाले आरोपी दीपक नायर (45) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने न सिर्फ तीन लोगों की हत्या की बल्कि उनके प्राइवेट पार्ट भी काट डाले और शवों को जलाने की कोशिश की।
22 अप्रैल की रात करीब 2 बजे सुभाषनगर स्थित अयप्पा मंदिर में तैनात चौकीदार लाल सिंह हाड़ा (55) की हत्या की गई। आरोपी दीपक नायर ने खुरपे जैसे धारदार हथियार से गार्ड पर कई वार किए और उसके जननांग (प्राइवेट पार्ट) काटकर गर्दन पर रख दिए। खून से सनी लाश मंदिर परिसर में पड़ी मिली। एफआईआर के अनुसार, मृतक के बेटे सांवर सिंह को रात ढाई बजे मंदिर अध्यक्ष प्रदीप का कॉल आया, जिसने उसे इस वीभत्स वारदात की जानकारी दी।
भीलवाड़ा के सुभाषनगर थाने में सांवर सिंह हाड़ा ने FIR दर्ज करवाई। इसमें बताया कि उनके पिता लाल सिंह हाडा, जो अयप्पा मंदिर में रात के चौकीदार थे, की 22 अप्रैल 2025 को रात 2:25 बजे हत्या कर दी गई। मंदिर के अध्यक्ष प्रदीप ने फोन कर सूचना दी कि दीपक नायर ने लाल सिंह की हत्या की। मौके पर पहुंचने पर सांवर ने देखा कि उनके पिता की लाश खून से सनी थी, सिर पर गहरे घाव थे, और शरीर के कुछ हिस्सों को काटकर गर्दन के पास रखा गया था। धारदार हथियार से हत्या की गई। पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
23 अप्रैल को पुलिस आरोपी को बाइक बरामदगी के लिए उसके घर लेकर पहुंची जहां एक और खौफनाक मंजर सामने आया। दीपक नायर के घर में दो लाशें पड़ी मिलीं- रविंद्र उर्फ मोनू टाक और संदीप नामक दो युवकों के जले हुए शव थे। दोनों के चेहरों को जलाया गया था और उनके प्राइवेट पार्ट काटे गए थे। शवों के पास गद्दे और गैस सिलेंडर पड़ा मिला, जिससे आशंका जताई जा रही है कि दीपक ने घर में आग लगाने की कोशिश की थी।
भीलवाड़ा के प्रतापनगर थाने में विवेक टांक ने FIR दर्ज करवाई। इसमें बताया कि उनका भाई रविंद्र टांक उर्फ मोनू, जो दीपक नायर का दोस्त था, की हत्या हुई। 24 अप्रैल 2025 को विवेक, रविंद्र की तलाश में दीपक के घर (G-7, नया बापूनगर) पहुंचे, जहां भीड़ थी। अंदर जाकर उन्होंने रविंद्र और एक अन्य व्यक्ति की क्षत-विक्षत लाश देखी। विवेक ने दीपक नायर पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
आरोपी दीपक नायर ने पूछताछ में कहा कि गार्ड और दोनों दोस्तों ने उसकी बहन के साथ गलत किया था, इसलिए उसने बदला लिया। हालांकि पुलिस को इस बात की कोई पुष्टि नहीं हुई है और आरोपी बार-बार बयान बदल रहा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह साइकोलॉजिकल रूप से अस्थिर है और अपराधी प्रवृत्ति का है। वहीं, इस घटना को लेकर यह भी बात सामने आ रही कि अप्राकृतिक सम्बंध को लेकर भी हत्या का मामला जुड़ा हो सकता है।
जानकारी के मुताबिक केरल में कार से टक्कर मारने की घटना, जिसमें स्थानीय लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की थी। एक घटना भीलवाड़ा में कार शोरूम से ट्रायल के नाम पर कार लेकर फरार की है। वहीं, भीलवाड़ा के प्रतापनगर थाने में पुलिस से मारपीट का भी एक केस है, क्योंकि दीपक ने थाने में जमकर उत्पात मचाया था जिसे दस जवानों ने मिलकर काबू किया था। बताया जाता है कि दीपक को लाउड म्यूजिक, हिंसात्मक फिल्में और सस्पेंस-थ्रिलर वेब सीरीज देखने का शौक।
दोनों घटनाओं की एफआईआर मृतकों के परिजनों ने दर्ज कराई। गार्ड लाल सिंह के बेटे सांवर सिंह ने हत्या की पूरी घटना पुलिस को बताई, जबकि रविंद्र टाक के भाई विवेक टाक ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के दौरान भाई की लाश आरोपी के घर मिलने की जानकारी दी है।
भीलवाड़ा पुलिस ने तीनों हत्या मामलों में IPC की धारा 103(1) बीएनएस 2023 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थलों से फोरेंसिक सबूत जुटाए जा रहे हैं और आरोपी के मानसिक स्वास्थ्य की भी जांच की जा रही है। हत्या की शैली और मानसिकता को देखते हुए पुलिस इसे 'साइको किलिंग' मान रही है। वहीं, अप्राकृतिक संबंध, नशे और मानसिक विकृति को भी जांच के एंगल में लिया गया है।
Updated on:
25 Apr 2025, 5:03 PM IST
Published on:
25 Apr 2025, 5:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.