
भीलवाड़ा बनेगी पर्यटन नगरी
Bhilwara city भीलवाड़ा नगर विकास न्यास ने मेडिकल एवं सीए हब भीलवाड़ा शहर को पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने की तैयारी की है। मानसरोवर झील व नेहरू तलई को नक्की झील का रूप दिया जाएगा। यहां निर्माण कार्य के देश के बड़े ग्रुपों ने रूचि भी दिखाई है।
जोधपुर शहर के सामुदायिक भवन की तर्ज पर गहलोत सरकार के पूर्व के कार्यकाल में आरसी व्यासनगर में नगर विकास न्यास ने इन्दिरा गांधी सामुदायिक भवन का निर्माण करवाया था। यूआईटी के निर्माण कार्य की पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने सराहना की, लेकिन रखरखाव के अभाव में यह शहर का सबसे असुविधाजनक सामुदायिक भवन बन गया।
अब पैसा लगाना ठीक नहीं
जिला कलक्टर नमित मेहता के निर्देश पर तकनीकी एवं विशेषज्ञों ने सामुदायिक भवन का निरीक्षण किया। टीम ने स्पष्ट किया कि भवन की हालत ठीक नहीं है, यहां अब पैसा लगाना ठीक नहीं है। इसके बाद न्यास ने सामुदायिक भवन का रूप बदलने की तैयारी कर ली है। सामुदायिक भवन को अब रिसोर्ट की भांति विकसित किया जाएगा।
भीलवाड़ा क्लब की हालत ठीक नहीं
जिला प्रशासन के अधीन ऑफिसर्स क्लब (भीलवाड़ा क्लब) की हालत ठीक नहीं है। क्लब की व्यवस्थाओं को लेकर शिकवे व शिकायते ही अधिक है। कई सदस्य नोटिस के बावजूद बकाया सदस्यता शुल्क नहीं चुका रहे है। यहां की सुविधाएं सुधारने के लिए जिला कलक्टर मेहता ने पहल की है। यहां क्लब की तमाम व्यवस्था सुधारी जाएगी। यहां तरणताल को न्यास नया लुक देगा। यहां किड्स पौंड भी विकसित होगा।
मानसरोवर झील पर बनेगा टापू
मानसरोवर झील को भी नक्की झील के रूप में विकसित करेंगे। यहां झील में टापू बनाया जाएगा। नौकायान एवं होटल भी होगा। इसके लिए मथुरा की एक व जयपुर की टीमों ने अपनी कार्ययोजना न्यास को दी है। 03 जून को प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। इसी प्रकार नेहरू तलई को भी पिछोला की भांति विकसित किया जाएगा। यहां निर्माण कार्य के लिए दिल्ली की दो कंपनी ने योजना के साथ दावे पेश किए है।
संविधान पार्क होगा खास
नगर वन आजादनगर में बनाया जाएगा। यहां फूलों की नगरी, चिल्ड्रन पार्क, एडवेंचर एवं वॉकिंग ट्रेक, मिनी चिडि़याघर प्रस्तावित है। यहां संविधान पार्क बनाया जाएगा। इसमें देश के संविधान एवं रचचिता की तमाम जानकारी होगी।
आचार संहिता के दौरान बनेगी कार्ययोजना
आचार संहिता के दौरान न्यास शहर के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए एक दर्जन बड़े कार्यों को अंतिम रूप देगा। आचार संहिता समाप्त होते ही जुलाई में सभी कार्य शुरू होंगे। रिव्यू बैठक शनिवार को जिला कलक्टर मेहता ने ली। इसमें न्यास सचिव ललित गोयल, अधीक्षण अभियंता योगेश माथुर व अधिशासी अभियंता राजू बड़ारिया आदि मौजूद रहे।
Published on:
08 Apr 2024 11:34 am
बड़ी खबरें
View Allभीलवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
