26 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए बड़ी खबर: 10वीं में अब अंग्रेजी, विज्ञान और गणित की कॉपियों की हो सकेगी पुन: जांच

माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने जारी किए संवीक्षा और स्कैन कॉपी के लिए दिशा-निर्देश

2 min read
Google source verification
Class 10 Answer Sheets in English, Science, and Mathematics Can Now Be Re-evaluated

10वीं में अब अंग्रेजी, विज्ञान और गणित की कॉपियों की हो सकेगी पुन: जांच

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने 24 मार्च को माध्यमिक 10वीं, माध्यमिक व्यावसायिक और प्रवेशिका परीक्षा-2026 के परिणाम घोषित करने के बाद, अब विद्यार्थियों को उनकी उत्तर-पुस्तिकाओं की संवीक्षा (री-टोटलिंग) और स्कैन कॉपी प्राप्त करने का अवसर दिया है। इस बार बोर्ड ने एक बड़ा बदलाव करते हुए अंग्रेजी, विज्ञान और गणित विषय में उत्तर-पुस्तिकाओं की पुन: जांच कराने का विशेष प्रावधान भी लागू किया है।

विद्यार्थी अपनी कॉपियों की संवीक्षा और स्कैन कॉपी के लिए बिना विलंब शुल्क के 31 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं। वहीं विलंब शुल्क के साथ 3 अप्रेल तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन ई-मित्र के माध्यम से या विद्यार्थी स्वयं बोर्ड की वेबसाइट पर 'SCRUTINY-2026' लिंक के जरिए कर सकते हैं। इसके लिए स्वप्रमाणित आईडी अपलोड करना अनिवार्य होगा।

संवीक्षा और 'पुन: जांच' में है बड़ा अंतर

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि राजस्थान माध्यमिक शिक्षा अधिनियम 1957 के तहत संवीक्षा का मतलब पूरी कॉपी को दोबारा जांचना नहीं है। संवीक्षा के तहत केवल अंकों के योग में भिन्नता, अंदर-बाहर के अंकों में अंतर, या किसी प्रश्न में अंक नहीं दिए जाने जैसी त्रुटियों का ही निवारण किया जाता है। हालांकि, छात्रों की सहूलियत के लिए अंग्रेजी, विज्ञान और गणित विषयों में पुन: जांच का विशेष प्रावधान किया गया है।

5 दिन में दर्ज करानी होगी आपत्ति, प्रति प्रश्न 100 रुपए लगेगा शुल्क

बोर्ड के अनुसार संवीक्षा के बाद परिणाम की सूचना एसएमएस द्वारा दी जाएगी। विद्यार्थी वेबसाइट से अपनी उत्तर-पुस्तिका ऑनलाइन देखकर डाउनलोड कर सकेंगे। कॉपी देखने के बाद यदि कोई आपत्ति हो, तो 5 दिन के भीतर 100 रुपए प्रति विषय शुल्क के साथ ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराई जा सकेगी। अंग्रेजी, विज्ञान और गणित में पुन: जांच के लिए आवेदन करते समय प्रश्न संख्या और पृष्ठ संख्या अनिवार्य रूप से अंकित करनी होगी। इसके लिए 100 रुपए प्रति प्रश्न शुल्क निर्धारित किया गया है।

ध्यान रखने योग्य महत्वपूर्ण बातें

ऑनलाइन आवेदन में परीक्षार्थी अपना स्वयं का सही मोबाइल नंबर और ई-मेल ही दर्ज करें। ई-मित्र कियोस्क धारक का नंबर देने पर इसे नियम विरुद्ध मानते हुए आवेदन निरस्त किया जा सकता है। परीक्षार्थी को आवेदन के लिए केवल एक ही अवसर मिलेगा। इसलिए जिन-जिन विषयों (सैद्धांतिक/प्रायोगिक) में संवीक्षा करानी है, उनका चयन एक ही बार में एक साथ करें। किसी भी स्थिति में ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। बोर्ड ने साफ किया है कि संवीक्षा/पुन: जांच के बाद अंकों में वृद्धि या कमी दोनों हो सकती है। जो भी अंतिम संशोधन होगा, उसी के अनुरूप नई अंकतालिका जारी की जाएगी। अंकों में कोई बदलाव नहीं होने पर शुल्क नहीं लौटाया जाएगा। परीक्षार्थी अपनी आवेदन प्रक्रिया का वर्तमान स्टेटस बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.rajeduboard.rajasthan.gov.in पर SCRUTINY-2026 लिंक पर जाकर प्राप्त कर सकते हैं।