8 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आरटीई नियमों में बदलाव: 5वीं और 8वीं पूरक परीक्षा पास नहीं की तो उसी कक्षा में रोके जाएंगे विद्यार्थी

सरकार ने जारी की अधिसूचना, 1 अप्रेल से लागू हुआ नया नियम, बिना पढ़े पास होने की प्रथा पर रोक

2 min read
Google source verification
Changes in RTE rules: Students who fail to pass the 5th and 8th supplementary exams will be held back in the same class.

आरटीई नियमों में बदलाव: 5वीं और 8वीं पूरक परीक्षा पास नहीं की तो उसी कक्षा में रोके जाएंगे विद्यार्थी

प्रदेश के स्कूली शिक्षा ढांचे को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश में अब कक्षा 5 और 8 के विद्यार्थी बिना पढ़ाई किए अगली कक्षा में प्रमोट नहीं हो सकेंगे। सरकार ने निशुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के नियमों में संशोधन कर दिया है। नए नियमों के अनुसार यदि कोई विद्यार्थी मुख्य परीक्षा के बाद पूरक (सप्लीमेंट्री) परीक्षा में भी सभी विषयों में पास नहीं हो पाता है, तो उसे अगली कक्षा में प्रमोट करने के बजाय उसी कक्षा में रोक दिया जाएगा यानी उसे फेल कर दिया जाएगा।

प्रारम्भिक शिक्षा विभाग ने इस संबंध में राजस्थान निशुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार (संशोधन) नियम, 2026 की अधिसूचना जारी कर दी है। मंगलवार को राजस्थान राजपत्र (विशेषांक) में इसे साधिकार प्रकाशित भी कर दिया गया है।

क्या है नया नियम और कब से होगा लागू

सरकार की ओर से जारी राजपत्र के अनुसार यह नए प्रावधान 1 अप्रेल 2026 से पूरे प्रदेश में प्रभावी हो गए हैं। नियम 13-क में हुआ अहम संशोधन। संयुक्त शासन सचिव मुन्नी मीना की ओर से जारी आदेशों में राजस्थान आरटीई नियम 2011 के नियम 13-क के उप-नियम (3) को पूरी तरह बदल दिया गया है। नए नियमों के तहत पूरक परीक्षा के पश्चात पांचवीं और आठवीं कक्षा के बालक उसी कक्षा में रोक दिए जाएंगे, यदि वे पूरक परीक्षा में समस्त विषयों में उत्तीर्ण नहीं होते हैं।

शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में कड़ा कदम

इस फैसले को स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए एक बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है। नए संशोधन के बाद विद्यार्थियों और अभिभावकों को पढ़ाई के प्रति अधिक गंभीर होना पड़ेगा। मुख्य परीक्षा में यदि विद्यार्थी का प्रदर्शन खराब रहता है, तो उसे पूरक परीक्षा (सप्लीमेंट्री) के रूप में एक और मौका मिलेगा। लेकिन यदि वह उसमें भी असफल रहता है, तो उसे उसी कक्षा में दोबारा पढ़ाई करनी होगी।

राजस्थान बोर्ड पूरक परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर ने कक्षा 10वीं और 12वीं की पूरक परीक्षाओं का विस्तृत कार्यक्रम घोषित कर दिया है। बोर्ड सचिव की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, इन कक्षाओं की सैद्धांतिक (थ्योरी) परीक्षाएं 14 मई से होंगी। पूरक आने वाले नियमित और स्वयंपाठी परीक्षार्थी 15 अप्रेल से अपना आवेदन शुल्क जमा करा सकेंगे।

बोर्ड के अनुसार, कक्षा 10 और 12 की सैद्धांतिक पूरक परीक्षाएं 14 से 16 मई तक निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी। वहीं जिन विषयों में प्रैक्टिकल होते हैं, उनकी प्रायोगिक परीक्षाएं 7 मई से प्रारंभ होंगी। बोर्ड ने नियमित और स्वयंपाठी परीक्षार्थियों के लिए पूरक परीक्षा आवेदन शुल्क जमा कराने की अंतिम तिथियां भी निर्धारित की हैं। छात्र बिना किसी विलंब शुल्क के 22 अप्रेल तक आवेदन कर सकते हैं। सामान्य परीक्षा शुल्क 15 से 22 अप्रेल तक जमा होगा। एक अतिरिक्त परीक्षा शुल्क सहित 23 से 27 अप्रेल तक जमा होंगे। असाधारण विलम्ब शुल्क सहित 28 अप्रेल से पूरक परीक्षाएं आरम्भ होने तक जमा करा सकेंगे। बोर्ड ने परीक्षार्थियों को सलाह दी है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर अपना आवेदन शुल्क जमा कराएं ताकि किसी भी अतिरिक्त शुल्क या परेशानी से बचा जा सके।