भीलवाड़ा. कोरोना वायरस ने एक बार फिर से कहर बरपाना शुरू कर दिया है। कोरोना संक्रमित महात्मा गांधी अस्पताल में नर्सिंग उप अधीक्षक की शुक्रवार सुबह मृत्यु हो गई। कोरोना संक्रमित होने के बाद से वह वेन्टीलेटर पर था। इससे पहले 1 फरवरी 2022 को करेड़ा के एक व्यक्ति की कोरोना से मृत्यु हुई थी। उसके बाद यह पहली मौत है। इस मौत के बाद चिकित्सा विभाग में हड़कम्प मच गया है। उधर सात ओर कोरोना संक्रमित सामने आए है।
महात्मा गांधी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अरूण गौड़ ने बताया कि नर्सिंग उप अधीक्षक व शास्त्रीनगर निवासी महेंद्र सिंह राठौड़ की 15 मार्च की सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां कोरोना जांच के लिए सैंपल लिया। जांच रिपोर्ट में राठौड़ कोरोना पॉजिटिव आया। इसके बाद हालात बीगड़़ने पर उसे वेन्टीलेटर पर रखा गया था। शुक्रवार सुबह राठौड़ की मृत्यु हो गई। डॉक्टरों ने उसे बचाने के भरसक प्रयास किया था, लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो सके। कोरोना से इस साल की इस पहली मृत्यु होने से चिकित्सा विभाग के अधिकारियों नें हड़कंप मचा हुआ है।
महात्मा गांधी अस्पताल परिसर में दोपहर को श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इसमें जिला कलक्टर आशीष मोदी, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य पवन कुमार, एमजीएच के अधीक्षक डॉ अरुण गौड, सीएमएचओ मुस्ताक खान आरआरटी प्रभारी डॉ घनश्याम चावला, नर्सिंग अधीक्षक दिनेश सोनी नगर परिषद सभापति राकेश पाठक, राकेश ओझा समेत अन्य डॉक्टर व कर्मचारी उपस्थित थे। इस दौरान जिला कलक्टर मोदी ने कहा कि नया वायरस आने से वायरल फैल रहा है। इससे सतर्क रहने की जरूरत है। कोरोना से एक नर्सिंग उप अधीक्षक की मृत्यु हुई है। यह दुखद घटना है। कोरोना में भीलवाड़ा मॉडल बना था। यह सब कर्मचारियों की मेहनत का परिणाम है। कोरोना को लेकर अधिकारियों की आपातकाल बैठक भी बुलाई गई है। कलक्टर मोदी ने कोरोना गाइडलाइन की पालना सुनिश्चित कराने के लिए अधिकारियों व चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए है।
राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन ने दी श्रद्धांजलि
राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन की ओर से एमजीएच के नर्सिंग उप अधीक्षक राठौड़ के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक फरीद मोहम्मद रंगरेज ने बताया कि राठौड़ अस्पताल के नेत्र रोग विभाग में सेवाएं दे रहे। दो दिन पहले इलाज के लिए एमजीएच में भर्ती करवाया था। राठौड़ की मृत्यु के बाद प्रोटोकॉल के साथ शव को अंतिम संस्कार किया गया। एसोसिएशन के जिला संयोजक सांवरमल सोनी ने बताया कि इससे पूर्व राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन ने दोपहर 2 बजे अस्पताल परिसर में शोकसभा आयोजित कर श्रद्धांजलि अर्पित की।