डीएसपी (सदर) रामचन्द्र चौधरी ने बताया कि 7 नवम्बर को संजय कॉलोनी निवासी जगदेवप्रसाद शर्मा ने मामला दर्ज कराया था कि उसकी पत्नी प्रतीक्षा जैन ज्योति कॉलोनी में रहने वाले मामा हेमेन्द्र शर्मा के यहां मोपेड से गई थी। घर के बाहर गाड़ी खड़ी कर रही थी कि पीछे से नकाबपोश दो जने आए। प्रतीक्षा के गले पर झपट्टा मारकर दो तोला वजनी सोने की चेन छीन ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज किया। सुभाषनगर थानाप्रभारी नंदलाल रिणवा की अगुवाई में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में उपनिरीक्षक भंवरलाल, हैड कांस्टेबल नरेश सुखवाल समेत अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया। टीम ने अनुसंधान कर इलाके के सीसी टीवी कैमरे और मोबाइल डिटेल खंगाले। पुलिस ने पहचान कर विजयसिंह पथिकनगर निवासी हरीश पाराशर व संजय कॉलोनी निवासी सूरज उर्फ फोरन सोनी को गिरफ्तार किया।