26 दिसंबर 2025,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

विधानसभा के उपाध्यक्ष रहे देवेन्द्र सिंह का निधन

कांग्रेस समेत विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने शोक जताया

2 min read
Google source verification
विधानसभा के उपाध्यक्ष रहे  देवेन्द्र सिंह का निधन

विधानसभा के उपाध्यक्ष रहे देवेन्द्र सिंह का निधन

भीलवाड़ा।

देवेन्द्रसिंह बड़लियास का शनिवार सुबह अजमेर रोड स्थित बडलियास फार्म हाउस में निधन हो गया। वे 87 वर्ष के थे और लम्बे समय से अस्वस्थ्य थे। सिंह के असामयिक निधन पर देश व प्रदेश के कांग्रेस समेत विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने शोक जताया। सिंह को भीलवाड़ा जिले में कांग्रेस का मजबूत स्तंभ माना जाता रहा है। कांग्रेस नेता एवं विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह का पार्थिक शरीर रविवार सुबह पैतृक गांव बडलियास में पंचतत्व में विलीन हो गया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सिंह के पुत्र लक्ष्मणसिंह व विजयसिंह राणावत तथा पौत्र प्रद्युम्नसिंह के साथ मुखाग्नि दी। इनमें विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी, सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना, कांंग्रेस राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर, विधायक रामलाल जाट, गोपाल खण्डलेवाल एवं गोपीचंद मीणा आदि मौजूद थे।

सिंह के निधन से कांग्रेस समेत विभिन्न संगठनों में शोक की लहर फैल गई। बडलियास फार्म हाउस पर जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं समेत बड़ी संख्या में लोग सिंह के अंतिम दर्शन को पहुंचे। जिला कांग्रेस कार्यालय में वरिष्ठ जनों ने दो मिनट का मौन रखा और पार्टी का ध्वज आधा झुका दिया गया। महाराणा कुम्भा ट्रस्ट ने सिंह के निधन पर शोक जताया।

सिंह का राजनीतिक जीवन बडलियास सरपंच से शुरू हुआ। सिंह कोटडी पंचायत समिति के प्रधान, बनेडा-हुरड़ा व भीलवाड़ा विधानसभा से विधायक रहे। सिंह शिवचरण माथुर मंत्रिमण्डल में कृषि मंत्री तथा अशोक गहलोत सरकार के समय विधानसभा के उपाध्यक्ष रहे। सिंह के दिवंगत पुत्र मान्धाता सिंह भी सुवाणा के उपप्रधान रहे थे। इसी प्रकार उनके पुत्र विजय सिंह कोटडी पंचायत समिति के प्रधान रहे। सिंह के तीन पुत्रों में लक्ष्मण सिंह राणावत स्पोट्र्स काउंसिल ऑफ पटियाला के डायरेक्टर रहे। सिंह की छवि पार्टी में स्पष्टवादिता के साथ ही कद्दावर नेता की थी। बडलियास. पूर्व उपाध्यक्ष सिंह के अंतिम संस्कार के दौरान समूचा कस्बा बंद रहा। बाजारों में एक भी दुकानें नहीं खुली और लोग सुबह आठ बजे से गढ़ के बाहर एकत्र होने लगे। बडलियास ठिकाने समेत आसपास के 12 गांव के लोगों ने सिंह को श्रद्धांजलि दी। जिला प्रमुख शक्ति सिंह हाडा, सुरेन्द्र सिंह मोटरास, शिवराम खटीक, जिला महासचिव महेश सोनी, हगामीलाल मेवाड़ा, पूर्व विधायक विवेक धाकड़, इंजीनियर कन्हैयालाल धाकड़, कोटड़ी उपप्रधान बृजराजकृष्ण उपाध्याय, महावीर सुवालका, राजेश श्रोत्रिय,देवबक्ष जाट, ज्वाला सिंह, शोभा लाल जाट, सरपंच हेमलता उपाध्याय, निरंजन राजस्थला व प्रकाश पोरवाल आदि ने श्रद्धाजंलि अर्पित की।