
Gravel mining squad was beaten up, seized tractors were taken away, fi
भीलवाड़ा. मंगरोप क्षेत्र के पीपली में शुक्रवार दोपहर बजरी माफिया ने दुस्साहस दिखाया। खनिज विभाग के दस्ते पर हमला कर ट्रैक्टर छुड़ा लिया। आरोपियों ने खनिज कर्मचारियों की पिटाई की और सरकारी गाड़ी में तोडफ़ोड़ की। विभाग ने हमले और राजकार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मामले में पांच जनों को गिरफ्तार कर लिया। शेष आरोपियों की तलाश है।
थानाप्रभारी मोतीलाल रायका ने बताया कि दोपहर में पीपली क्षेत्र में संविदा पर लगी खनिज विभाग की जीप से आरएसी और पुलिसकर्मियों के साथ खनिज अधिकारी बनास नदी क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। पीपली के निकट बजरी से भरा ट्रैक्टर मिला। चालक बजरी खाली करके भागने लगा। टीम ने पीछा किया। चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। ट्रैक्टर जब्त कर मंगरोप थाने ला रहे थे। गांव से कुछ दूर पीपली निवासी छोटूसिंह, भूपेन्द्रसिंह राजपूत, पप्पूसिंह राजपूत, पृथ्वीपालसिंह राजपूत ने सरकारी गाड़ी रुकवा ली और आरएसी और पुलिस के जवानों की पिटाई कर दी। पास में ही गांव से अन्य परिजन भी आ गए। ये धक्का-मुक्की कर ट्रैक्टर छुड़ा ले गए। सरकारी गाड़ी में तोडफ़ोड़ भी की। पता चलने पर थानाप्रभारी पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी लेकर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने मामले में पीपली निवासी पप्पूसिंह, पृथ्वीपालसिंह, कालूसिंह, सुरेन्द्रसिंह तथा ट्रैक्टर चालक फलौदी (गंगरार) निवासी देवराज रेगर को गिरफ्तार किया गया।
Updated on:
13 Aug 2021 08:58 pm
Published on:
13 Aug 2021 08:58 pm
