24 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

महिला क्रिकेट में कोमल के अर्धशतक से पारस रॉयल ने जीता खिताब

दिगंबर जैन प्रीमियर लीग, चेस की बिसात पर 6 घंटे चला दिमागी द्वंद

2 min read
Google source verification
Paras Royal Wins Title in Women's Cricket Thanks to Komal's Half-Century

महिला क्रिकेट में कोमल के अर्धशतक से पारस रॉयल ने जीता खिताब

दिगंबर जैन प्रीमियर लीग के चौथे दिन खिताबी मुकाबलों का जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। रविवार को बैडमिंटन, चेस, कैरम और क्रिकेट के सेमीफाइनल व फाइनल मुकाबले खेले गए। क्रिकेट के मैदान पर जहां चौकों-छक्कों की बारिश हुई, वहीं कैरम और चेस के मुकाबलों में खिलाड़ियों के धैर्य का कड़ा इम्तिहान हुआ।

जैनम की रेकॉर्ड शतकीय पारी

पुरुष वर्ग (एस क्रिकेट) के फाइनल में हेलो बेने दौसा किंग और रॉयल ऋषभ के बीच खिताबी भिड़ंत हुई। दौसा किंग के और समाज के उभरते सितारे जैनम जैन ने लीग की पहली ऐतिहासिक शतकीय पारी खेली। उन्होंने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में बिना विकेट गंवाए टीम का स्कोर 144 रन तक पहुंचा दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल ऋषभ की पूरी टीम 57 रन पर ही ढेर हो गई। हेलो बेने दौसा किंग ने 87 रन की जीत के साथ खिताब अपने नाम किया।

कोमल की फिफ्टी से पारस रॉयल बनीं सिरमौर

महिला क्रिकेट का फाइनल चैलेंजर अंकित एंटरप्राइजेज और पारस रॉयल के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चैलेंजर अंकित एंटरप्राइजेज ने 8 ओवर में 82 रन का लक्ष्य रखा। इसके जवाब में पारस रॉयल की कोमल भूरा ने शानदार हाफ सेंचुरी जड़कर टीम को खिताबी जीत दिला दी।

कैरम: 12 घंटे चला ऐतिहासिक फाइनल

कैरम प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला वरिष्ठ नागरिक मंच के सदस्यों की मौजूदगी में हुआ। यह मुकाबला राजकुमार अजमेरा-राजकुमार पाटनी और लोकेश जैन-शुभी जैन की जोड़ी के बीच हुआ। 29 पॉइंट के इस महामुकाबले में खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर रही। करीब 12 घंटे तक चले इस मैराथन मुकाबले के बाद अंततःशुभी जैन और लोकेश जैन ने बाजी मारी।

चेस: 6 घंटे तक बिछी रही बिसात

एडल्ट चेस का फाइनल आदित्य जैन और विभांशी जैन के बीच खेला गया। दोनों खिलाड़ियों ने गजब की खेल भावना और एकाग्रता का परिचय दिया। करीब 6 घंटे की दिमागी कसरत के बाद आदित्य जैन विजेता बनकर उभरे। वहीं, किड्स चेस में सिया जैन को हराकर सार्थक जैन ने खिताब जीता।

बैडमिंटन: राष्ट्रीय खिलाड़ियों के सामने दिखा जोश

एडल्ट बैडमिंटन का फाइनल भीलवाड़ा जिले के नेशनल प्लेयर्स की मौजूदगी में खेला गया। आर्जव जैन-निखिल जैन और अक्षत जैन-मोहित जैन के बीच हुआ यह मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। इसमें हर एक पॉइंट के लिए कड़ा संघर्ष हुआ। अंत में आर्जव जैन और निखिल जैन की जोड़ी विजेता रही। किड्स वर्ग में तिविषा जैन को हराकर अर्णव जैन चैंपियन बने।

विजेताओं पर हुई पुरस्कारों की बारिश

प्रतियोगिता के समापन पर दिगंबर जैन प्रीमियर समिति की ओर से सभी विजेताओं को नकद पुरस्कार व ट्रॉफी प्रदान की गई। इस अवसर पर सकल दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष प्रवीण चौधरी, मंत्री नरेश गोधा सहित समाज के कई श्रेष्ठी गण मौजूद रहे। अतिथियों ने समाज में खेलों को बढ़ावा देने के लिए आयोजक समिति के सभी सदस्यों का बहुमान किया।