
राजस्थान 10वीं बोर्ड का परिणाम आज, 28 हजार 749 छात्रों का इंतजार खत्म
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से 10वीं का परीक्षा परिणाम मंगलवार को घोषित किया जाएगा। परिणाम मंगलवार दोपहर 1 बजे शिक्षा मंत्री मदन दिलावर जारी करेंगे। इस साल 10वीं में 10 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। 10वीं बोर्ड की परीक्षाएं 12 से 28 फरवरी तक आयोजित हुई थीं। जिला शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र गग्गड़ ने बताया कि भीलवाड़ा जिले से 28 हजार 749 छात्रों ने परीक्षा दी थी। इसमें प्रवेशिका के 313 छात्र शामिल हैं। पिछले साल 29 मई 2025 को परिणाम घोषित किए गए थे। इसके आधार पर भीलवाड़ा जिले का परिणाम 93.89 प्रतिशत रहा। छात्राओं का परिणाम 93.23 व छात्रों का 94.50 प्रतिशत रहा। यानी छात्रों के मुकाबले छात्राओं का परिणाम 1.27 प्रतिशत ज्यादा रहा। इनमें 13477 छात्रों में से 12565 पास हुए। 14502 छात्राओं में से 26269 पास हुई।
राजस्थान 5वीं बोर्ड (प्राथमिक शिक्षा अधिगम स्तर मूल्यांकन) एवं 8वीं बोर्ड (प्रारंभिक शिक्षा पूर्णता प्रमाण-पत्र) परीक्षा-2026 का परिणाम भी मंगलवार को घोषित किया जाएगा।
राज्य स्तरीय समान परीक्षा योजना के तहत सत्र 2025-26 की वार्षिक परीक्षाओं के परिणाम 25 मार्च को जारी किए जाएंगे। इसे लेकर जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक ने जिले के सभी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि कोई भी निजी स्कूल बिना परिणाम अनुमोदन (अप्रूवल) के किसी भी विद्यार्थी को टीसी (स्थानांतरण प्रमाण पत्र) जारी नहीं कर सकेगा। सरकारी और निजी दोनों तरह के विद्यालयों के लिए परिणाम तैयार करने की अलग-अलग गाइडलाइन तय की गई है। इसकी सख्ती से पालना करनी होगी।
विभाग के आदेशानुसार निजी विद्यालयों को कक्षा 6, 7, 9 और 11 का परीक्षा परिणाम तैयार करने के लिए तय वेबसाइट पर उपलब्ध एक्सेल शीट का उपयोग करना होगा। निजी स्कूल मनमर्जी से सीधे परिणाम जारी नहीं कर सकेंगे। उन्हें अपने परिणाम का अनुमोदन नोडल प्रधानाचार्य जिस राजकीय विद्यालय के अधीन प्रश्न पत्र रखे जाते हैं से करवाना होगा। अनुमोदन से पूर्व परिणाम में दर्शाई गई छात्र संख्या का मिलान 'डाइसप्रपत्र' और 'क्रीडा शुल्क रसीद' के साथ करना अनिवार्य होगा।
सभी स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा परिणाम केवल ए-4 साइज पेपर पर ही तैयार किया जाए। निजी स्कूलों को परिणाम की एक सॉफ्ट कॉपी और हार्ड कॉपी नोडल केंद्र पर जमा करवानी होगी। हार्ड कॉपी में विस्तृत और समेकित परीक्षा परिणाम पत्रक की तीन प्रतियां संस्था प्रधान के हस्ताक्षर व मोहर के साथ प्रमाणित होनी चाहिए।
राजकीय विद्यालयों को परिणाम अनुमोदन की जटिल प्रक्रिया से बाहर रखा गया है। सरकारी स्कूलों में कक्षा 1 से 4 और 6, 7, 9 व 11 का परीक्षा परिणाम शाला दर्पण पोर्टल के माध्यम से तैयार किया जाएगा। इसकी जांच शाला स्तर पर गठित कमेटी ही करेगी। शाला दर्पण पोर्टल की ओर से तैयार रिजल्ट की 'ग्रीनशीट' का प्रिंट निकालकर, संस्था प्रधान और विषय अध्यापकों से प्रमाणित करवाने के बाद उसे विद्यालय रेकॉर्ड में परीक्षा परिणाम रजिस्टर के रूप में सुरक्षित रखा जाएगा। प्रक्रिया के अंतिम चरण में सभी अनुमोदनकर्ता अधिकारियों को यह समेकित परीक्षा परिणाम अनिवार्य रूप से संबंधित मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा करवाना होगा।
Published on:
24 Mar 2026 09:07 am
बड़ी खबरें
View Allभीलवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
