
Missing businessman found in bhilwara
शाहपुरा।
क्षेत्र के बोरड़ा बावरियान गांव से लापता ईंट भट्टा व्यवसायी दस दिन बाद महाराष्ट्र में मिल गया। पुलिस और परिजन मंगलवार को शाहपुरा लेकर पहुंचे। पुलिस को व्यवसायी ने बताया कि उस पर एक करोड़ रुपए कर्जा है। सूदखोर परेशान कर रहे थे। उनकी धमकी से तंग आकर घर छोड़ा था। पुलिस ने उसे परिजनों के सुपुर्द किया और सूदखोरों पर कार्रवाई शुरू की। व्यवसायी के सकुशल मिलने से परिजन, ग्रामीण और पुलिस ने राहत की सांस ली। उसके लापता हो जाने के बाद से ग्रामीण आंदोलन पर थे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामजीलाल चंदेल के अनुसार पूर्व सरपंच एवं व्यवसायी बोरड़ा बावरियान निवासी प्रहलाद शर्मा सोमवार को महाराष्ट्र के जालना जिले में रिश्तेदार के घर मिला। सूचना पर परिजन और पुलिस दल भेजा। वहां से व्यापारी को मंगलवार को थाने लेकर आए। एएसपी चंदेल, पुलिस उपाधीक्षक सुरेश कुमार सांवरिया व थानाधिकारी देरावरसिंह भाटी ने पूछताछ की। पूछताछ में बताया कि वह कर्ज में दबा है। सूदखोर ब्याज पर ब्याज लगाकर परेशान कर रहे थे। बार-बार तकाजा कर रहे थे। वह कर्ज चुकाने में असमर्थ था।
लगातार धमकियां मिल रही थी। इसके चलते २३ जून की शाम को परिजनों को भीलवाड़ा में राधेश्याम तोषनीवाल से मिलकर आने की बात कहकर निकल गया। वहां से उज्जैन गया और औरंगाबाद होते हुए जालना जिले में रिश्तेदार के यहां चला गया। अन्य रिश्तेदारों ने उसे जालना में घूमते देखा तो परिजनों को सूचना दी। मालूम हो, २४ जून को शर्मा के पुत्र प्रवीण ने शाहपुरा थाने में पिता के गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया था। जिसमें तोषनीवाल पर बंधक बनाकर रखने की आशंका जाहिर की थी। पुलिस ने तोषनीवाल के मकान, दफ्तर व गोदाम पर दबिश दी थी। व्यवसायी के नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने प्रदर्शन भी किया।
Published on:
4 Jul 2018, 12:43 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.