बनास नदी के बीच में फंसी 50-60 यात्रियों से भरी रोडवेज बस
भीलवाड़ा से लुहारीकला मार्ग पर चलने वाली रोडवेज बस गुरुवार को पारोली होकर वापस लुहारीकला जाते समय बनास नदी के पानी के बीच फंस गई। बनास नदी के बीचो-बीच एकाएक बस के फंस जाने से बस में सवार यात्रियों में हडक़ंप मच गया। भीलवाड़ा आगार डिपो की रोडवेज बस पारोली ,बागुदार, आमल्दा, वाया खजुरी होते हुए लूहारीकला जा रही थी बागूदार से आगे रोडवेज बस बनास नदी के पानी में से होकर गुजर रही थी।
चालक की लापरवाही के कारण अचानक बस के पहिए रेत में पानी के बीचों-बीच फंस गए तथा बस बंद हो गई। पानी के बहाव के बढऩे की चिंता के चलते रोडवेज में सवार 50 से 60 यात्री घबरा कर बस से बाहर निकले। आसपास के गांव से ट्रैक्टर मंगवाकर ग्रामीणों की मदद से रोडवेज को बाहर निकालने का प्रयास किया। लेकिन विफल रहे। इस पर जेसीबी मंगवा कर ग्रामीण की मदद से बस को बाहर निकाला गया। जेसीबी से बस निकालने के दौरान नदी में पानी का बहाव बढ़ता रहा।