भीलवाड़ा।
पवित्र रमजान माह में रेलवे स्टेशन के सामने स्थित सीरत सराय मस्जिद की गई आकर्षक विद्युत सजावट मंगलवार रात देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। इस विद्युत सजावट ने देश में जाति पांति के बंधन से मुक्त होकर सांप्रदायिक एकता का संदेश दिया। विद्युत सजावट में तिरंगे रंग में रंगा मेरा भारत महान का संदेश देखने के लिए लोग बरबस ही मस्जिद के सामने रूक गए।
रमजान के महीने की 27वीं रात अकीदतमंदों ने इबादत में गुजारी। इस मौके पर शहर की मस्जिदों को रोशनी से जगमग किया गया। रेलवे स्टेशन के सामने स्थित सीरत सराय मस्जिद ने लोगों को सांप्रदायिक एकता का सबसे बड़ा संदेश दिया। वहां की गई विद्युत सजावट में तिरंग के साथ मेरा भारत महान नजर आया।
इसके साथ ही शहर की जामा मस्जिद, मस्जिद नीलगरान, आरके कॉलोनी, हुसैन कॉलोनी, सांगानेरी गेट, जवाहर नगर, कांवाखेड़ा, चपरासी कॉलोनी व गाधीनगर सहित शहर की मस्जिदों में लोगों ने इबादत कर देश में अमनोचैन की दुआ मांगी।
देखने उमडे शहरवासी
मस्जिद में की गई आकर्षक विद्युत सजावट को देखने के लिए शहरवासी उमड़े। वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। उधर से निकलने वाले वाहन चालकों ने कुछ देर रूकर विद्युत सजावट देखी।