6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पत्रिका टॉक शो: भाजपा बोली-सर्वे सत्ता के पक्ष में कभी नहीं आता, कांग्रेस ने कहा-जनता का आंकलन सही, बदलाव तो होगा

पत्रिका के सर्वे पर बोले दोनों प्रमुख दल

4 min read
Google source verification
Bhilwara,  bhilwara news,  Patrika talk show in bhilwara, Latest news in bhilwara, Bhilwara News in hindi, Hindi News in bhilwara, Latest hindi news in bhilwara

पांसल चौराहा स्थित पत्रिका कार्यालय में हुए टॉक शो में सभी दलोंं के प्रतिनिधियों ने आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व अपनी कमी को दूर करते जनता के प्रति तत्पर रहने का भरोसा दिलाया।

भीलवाड़ा।
राजस्थान पत्रिका की ओर से राजस्थान, मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ में सरकार व उसकी कार्य प्रणाली को लेकर कराए सर्वे के नतीजों के बाद रविवार को भाजपा, कांग्रेस, आप व समाज के विभिन्न संगठन एक मंच पर आए। पांसल चौराहा स्थित पत्रिका कार्यालय में हुए टॉक शो में सभी दलोंं के प्रतिनिधियों ने आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व अपनी कमी को दूर करते जनता के प्रति तत्पर रहने का भरोसा दिलाया।

भाजपा के जिला पदाधिकारियों का मानना है कि सर्वे हमेशा सत्ता के पक्ष के नहीं आता है। राजस्थान पत्रिका ने जो रविवार को प्रदेश का सर्वे जनता के सामने रखा है। उसे स्वीकार करने में कोई हर्ज नहीं है। भाजपा से जो भी गलती हुई है या सरकार की कोई विकास में कमी रही है तो उसे सुधारने का अभी काफी समय है। उधर, कांग्रेस पदाधिकारियों का मानना है कि यह सर्वे बिल्कुल सही है। राजस्थान की जनता इस शासन से खुश नहीं है। वह पूरी तरह से त्रस्त हो चुकी है। इसलिएजनता सरकार में बदलाव चाहते हैं।

सर्वे पर यह बोले, भाजपा जिलाध्यक्ष
भाजपा जिलाध्यक्ष दामोदर अग्रवाल ने कहा कि उपचुनाव से कांग्रेस बहुत खुश नजर आ रही है लेकिन दस राज्य उनके हाथ से निकल गए। जीएसटी को लागू करना अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर दुर्लभ कार्य था। कांग्रेस भी इसे लागू करना चाहती थी, लेकिन साहस नहीं जुटा पाई। किसानों को 33 प्रतिशत फसल खराबे पर मुआवजा दिया है। जो अभी तक के इतिहास में नहीं हुआ।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष का रहा जवाब

कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनिल डांगी ने कहा कि सरकार में कांग्रेस विधायकों की संख्या भले ही कम है, लेकिन विपक्ष की भूमिका पूरी तरह से निभाई है। भाजपा के विधायक ही विपक्ष की भूमिका निभा रहे हैं। कांग्रेस का काम तो भाजपा के विधायक कर रहे है। सरकार से जनता पूरी तरह से त्रस्त है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। कांग्रेस ने जो गलतियां की है उसे सुधार रहे है। भाजपा का ग्राफ लगातर कम हो रहा है। कांग्रेस ने 60 साल के शासन में सुई से लेकर परमाणु तक का सफर तय किया है। विकास कांग्रेस की देन है। नोटबंदी व जीएसटी से व्यापारी परेशान है।

दोनों पार्टियों से ऊब चुकी जनता

आप पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुनील आगीवाल ने कहा कि पत्रिका सर्वे के अनुसार तो जनता पूरी तरह से पक चुकी है। जनता दोनों पार्टियों से ऊब चुकी है। गांवों में सड़के व नालियां नहीं है। युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही है। उधर, प्रदेश में सरकार बदलने की बात को लेकर दोनो दलों ने स्वीकार किया कि जनता कहीं न कहीं दोनो दलों से सन्तुष्ट नहीं है, लेकिन भाजपा के कार्यकर्ता उस नाराजगी को दूर करने में सफल रहेंगें। तीसरे मोर्चा का कोई विकल्प नहीं है। यह बात दोनो दलों के पदाधिकारियों ने भी स्वीकार किया है।

विधायक सक्रिय है, कांग्रेस ने कहा, शहर में जाकर देखो

-प्रदेश की ५५ प्रतिशत जनता ने कहा कि विधायक विकास को लेकर सक्रिय नजर नहीं आए है। इस पर भाजपा के महामंत्री रोशन मेघवंशी ने कहा कि विधायक अपने क्षेत्र में पूरी तरह से सक्रिय है। कांग्रेस के पास ऐसा कोई मुद्दा नहीं है जिसे लेकर जनता का पास जा सके। कांग्रेस ने कहा, भाजपा के विधायक खुद ही पार्टी से नाराज दिखे।

-नागरिक सुरक्षा मंच के अध्यक्ष उम्मेदसिंह राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस ने केवल पत्थर लगाने का दिखावा किया है। जबकि भाजपा धरातल पर काम कर रही है।
-युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रशान्त मेवाड़ा ने कहा कि प्रदेश में भाजपा के अलावा कोई विकल्प नहीं है। कांग्रेस का पूर्ण सफाया होगा। स्टेट टोल फ्री करने की घोषणा सरकार ने की उसे एक अप्रेल से लागू कर दिया है।

- नगर परिषद की पूर्व सभापति मधु जाजू ने कहा कि सरकार ने घोषणाए की है, लेकिन पूरी नहीं हुई है। अधिकारी सुनते नहीं है। महिलाओं पर अत्याचार बढ़े है। चेन लूट व डायन के मामले सामने आ रहे है।


जिले की समस्याओं पर भाजपा ने बताए समाधान

-पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष कैलाश व्यास ने कहा टेक्सटाइल सिटी के लिए हवाई सेवा अति महत्वपूर्ण है। पासपोर्ट विन्डो भी खुले। टेक्सटाइल सिटी की देन कांग्रेस की है।

-पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष राजेन्द्र जैन ने कहा, इतने वाहन बढ़ गए लेकिन शहर में रखने की जगह नहीं है।

-नगर परिषद में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अब्दुल सलाम ने कहा कि जिले की सड़कें बदहाल है।
-भीलवाड़ा से मुम्बई तक की ट्रेन प्रतिदिन हो तथा ट्रेन ओर मिले।

-जिला अस्पताल में डॉक्टरों की कमी दूर हो। मेडिकल कॉलेज जल्द शुरू हो।

समस्याओं पर भाजपा जिलाध्यक्ष का ये जवाब-

अग्रवाल ने कहा कि अगले तीन माह में भूमिगत पार्किग का शिलान्यास करेंगे। निर्माण भी जल्द होगा। हवाई सेवा के लिए संभावना देख रहे हैं। पासपोर्ट सेवा केंद्र की मांग करेंगे। केवल आसीन्द क्षेत्र की सड़क खराब है उसका नवीनीकरण करने के लिए निविदा हो चुकी है।

टेक्सटाइल सिटी के विकास में दोनों सरकारों का सहयोग जरूरी

भीलवाड़ा टेक्सटाइल ट्रेड फेडरेशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अतुल शर्मा ने कहा कि भीलवाड़ा ने देश-विदेश में ख्याति प्राप्त की है। इसे मैनचेस्टर कहा जाता है। सरकार ने टेक्सटाइल के विकास में दायित्व निभाया है। टेक्सटाइल पॉलिसी की खामियां दूर किया है। चार साल में डेनिम के रूप में नई पहचान बनाई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मंदी के बाद भी भीलवाड़ा गति से चल रहा है। टेक्सटाइल को लेकर जो भी समस्या आई है उसे सरकार ने दूर करने का प्रयास किया है। भीलवाड़ा टेक्सटाइल ट्रेड फेडरेशन के कोषाध्यक्ष प्रेम स्वरूप गर्ग ने कहा कि जीएसटी में कपड़ा व्यापारियों के सामने जो भी समस्या आ रही थी, उसे सरकार ने सुनते जीएसटी काउंसिल तक पहुंचाया तथा टेक्सटाइल उद्यमियों को राहत प्रदान की है।

सामाजिक संगठनों ने माना

- गणेश उत्सव प्रबन्ध एवं सेवा समिति के मीडिया प्रभारी महावीर समदानी ने कहा कि सरकार ने वृद्धाश्रम की घोषणा तो की, लेकिन उन्हें सरकार से मदद नहीं मिल रही है।
- महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रेखा हिरण ने कहा कि भाजपा सरकार से जनता खुश नहीं है। महंगाई से जनता त्रस्त है। स्कूलों की फीस से गरीब अभिभावक परेशान है। भीलवाड़ा नगर परिषद में सभापति के खिलाफ शिकायत हुई तो कुछ नहीं किया जबकि गंगापुर नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ आरोप न होने के बाद भी सरकार ने हटा दिया।

- भाजपा जिला प्रवक्ता कैलाश सोनी ने कहा कि नोटबंदी व जीएसटी के बाद जहां भी चुनाव हुए है , वहां भाजपा को विजयी मिली है।

- भाजपा के जिला महामंत्री कल्पेश चौधरी ने कहा कि कांग्रेस ने 60 साल तक शासन किया उसके बाद भी जिले का विकास नहीं हो सका। भाजपा ने चार साल में भी विकास की जड़ी लगी दी है।

- कांग्रेस उपाध्यक्ष दुर्गेश शर्मा ने कहा कि पत्रिका के सर्वे को स्वीकार करते है। 60 साल में कांग्रेस ने जनता को बहुत कुछ दिया है। अब भाजपा सरकार तानाशाह कर रही है, जिसका परिणाम सामने हैं।

इन्होंने भी रखे अपने विचार
भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष आरती कोगटा, शहर कांग्रेस प्रवक्ता हिमांशुल माथुर, महिला कांग्रेस जिला महामंत्री सुशीला जाट, ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष गोपाल शर्मा, प्रदेश पदाधिकारी चंद्रशेखर शर्मा, श्री नगर माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष केदार जागेटिया, मंत्री केदार गगरानी, स्वर्णकार समाज के उपाध्यक्ष सीपी सोनी ने भी विचार व्यक्त किए।