
भीलवाड़़ा में नवरात्र महोत्सव पर दुर्गा प्रतिमा स्थापना के बाद गरबा व रामलीला शुरू हुई
भीलवाड़ा।
जिले सहित शहर में गुरुवार को विधि-विधान से घट स्थापना के साथ ही शारदीय नवरात्र शुरू हो गए। पहले दिन माता की चौकी पर स्थापित घट के सामने मां भगवती के स्वरूप शैलपुत्री की पूजा कर सुख, समृद्धि, वैभव और शक्ति में वृद्धि की कामना की गई। नवरात्रा पर्व पर शक्ति पीठों एवं धार्मिक स्थलों को आकर्षक विद्युत रोशनी से सजाया गया। श्रद्धालुओं द्वारा विभिन्न मंदिरों सहित घरों में भी घट स्थापना कर अखंड ज्योत जलाई गई।
दिनभर भजन-कीर्तन, आराधना व पंडितों द्वारा चंडीपाठ स्तुति के साथ मां शक्ति के घर में विराजने की प्रार्थना की गई। मां में अटूट श्रद्धा रखने वाले भक्तों ने ब्रह्मकाल में स्नान कर उपवास एवं व्रत धारण शुरू किया। इसके बाद देवी भगवती की पूजा-अर्चना का दौर शुरू हुआ। शहर के पांडालों में भी माता के भक्तों ने कलश स्थापना कर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की। सांध्यकालीन महाआरती के बाद 9 दिवसीय नवरात्र महोत्सव के तहत सजाए आकर्षक पांडालों में डांडियों की खनक शुरू हो गई।
इन धार्मिक स्थलों पर विशेष आयोजन
हरणी की पहाडि़यों में विराजित मां चावण्डा के मंदिर में दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की सुबह से ही भीड़ रही। श्री बाबा धाम में सुबह 11.15 बजे पं. शिवप्रकाश जोशी के सानिध्य में मंत्रोच्चार व विधि-विधान से घट स्थापना की गई। अध्यक्ष विनीत अग्रवाल ने बताया कि शाम को माता की चौकी सजाकर महाआरती की गई। रोडवेज बस स्टैंड स्थित दुर्गा मंदिर में सुबह गंगाजल व पंचामृत से स्नान कराकर लाल वस्त्रों से माता की प्रतिमाओं का श्रृंगार कर फूलों से दरबार को सजाया गया। गायत्री शक्ति पीठ मंदिर में मां की प्रतिमाओं का श्रृंगार करने के बाद महाआरती की गई। लव गार्डन रोड स्थित चावण्डा माता मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद अनुष्ठान किया गया। दोपहर 3 बजे परिसर में राधाकृष्ण महिला मंडल द्वारा भजन-कीर्तन किया गया।
बिहार नवदुर्गा सेवा समिति द्वारा गांधी नगर गणेश मंदिर के पास पार्क में घट स्थापना कर मां दुर्गा की प्रतिमा विराजित की। समिति सचिव डॉ. अशोक सिंह ने बताया कि रात्रि 8 बजे हुई महाआरती में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पंचमुखी मोक्षधाम परिसर में स्थित मसाणिया भैरूनाथ मंदिर में सुबह 9.15 बजे काल भैरव का हवन किया गया। पुजारी संतोष कुमार खटीक ने बताया कि मुख्य सचेतक कालुलाल गुर्जर ने भी हवन में आहूतियां दी। इस अवसर पर ५०१ कन्याओं को भोजन भी कराया गया। इसी प्रकार पुर में घाटी के बड़े हनुमान मंदिर पर श्री रामभक्त हनुमान सेवा समिति द्वारा घट स्थापना हुई। नारायण माली ने बताया कि हनुमान चालीसा व सुंदरकांड पाठ किया गया।
शहर में 60 प्रतिमाएं की वितरित
श्री गणेश उत्सव प्रबंध एवं सेवा समिति द्वारा गुरूवार को अध्यक्ष उदयलाल समदानी के आतिथ्य में अपना घर वृद्धाश्रम से शहर के 60 पांडालों में ईको फ्रेंडली दुर्गा प्रतिमाएं वितरित की गई। प्रवक्ता महावीर समदानी ने बताया कि 9 दिवसीय नवरात्रा महोत्सव के तहत शोभायात्रा निकालते हुए वाटर प्रूफ पांडालों में दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गई। इसके अलावा समिति ने छोटी-बड़ी 150 दुर्गा प्रतिमाएं भीलवाड़ा जिले तथा चितौड़ के साथ ही मध्यप्रदेश में आयोजन के लिए भी भिजवाई है।
नारद मोह से शुरू रामलीला मंचन
श्रीरामलीला कमेटी की ओर से रामलीला का शुभारंभ गुरूवार को आजाद चौक स्थित रामलीला मैदान में हुआ। कमेटी अध्यक्ष पं. गोविंद व्यास ने बताया कि सुबह 11 बजे बालाजी मंदिर से ध्वज की शोभायात्रा निकाकर आजाद चौक में रंगमंच के निकट ध्वज को स्थापित किया गया। उपाध्यक्ष लादूलाल भांड ने बताया कि पहले दिन गणपति आरती करने के बाद नारद मोह से रामलीला की शुरूआत हुई। इसके बाद वाल्मिकी का अत्याचार व इंद्र के दरबार का स्थानीय कलाकारों ने मंचन किया। मंचन 3 अक्टूबर तक प्रतिदिन रात्रि 8 से 11 बजे तक किया जाएगा।
Published on:
21 Sept 2017 10:58 pm
बड़ी खबरें
View Allभीलवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
