29 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

उप-निरीक्षक भर्ती परीक्षा 5 और 6 अप्रेल को: भीलवाड़ा के 25 केंद्रों पर 7664 अभ्यर्थी आजमाएंगे भाग्य

क्यूआर कोड वाले प्रवेश पत्र और वीडियोग्राफी से मिलेगी एंट्री; केंद्रों के बाहर ई-मित्र रहेंगे बंद

2 min read
Google source verification
Sub-Inspector Recruitment Exam on April 5 and 6: 7,664 Candidates to Try Their Luck at 25 Centers in Bhilwara

उप-निरीक्षक भर्ती परीक्षा 5 और 6 अप्रेल को: भीलवाड़ा के 25 केंद्रों पर 7664 अभ्यर्थी आजमाएंगे भाग्य

राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से 5 एवं 6 अप्रेल को होने वाली उप-निरीक्षक भर्ती परीक्षा-2025 के लिए जिला प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई है। भीलवाड़ा शहर में बनाए गए 25 परीक्षा केंद्रों पर 7664 अभ्यर्थी इस अहम परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और नकल विहीन बनाने के लिए पुलिस व प्रशासन ने सुरक्षा का कड़ा चक्रव्यूह तैयार किया है।

गोपनीयता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

जिला शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र गग्गड़ ने बताया कि परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रश्न पत्रों की गोपनीयता, सुरक्षित भंडारण और उनके समयबद्ध वितरण को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा गया है। किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधियों, डमी अभ्यर्थियों के प्रवेश और संदिग्ध तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन और पुलिस के समन्वय से एक विशेष निगरानी तंत्र (सर्विलांस सिस्टम) विकसित किया गया है।

इस बार एंट्री के नियम हुए सख्त, ये होंगे बदलाव

अभ्यर्थियों की प्रामाणिकता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने कई तकनीकी सुरक्षा उपायों को अनिवार्य रूप से लागू किया है। इसी के तहत अभ्यर्थियों को इस बार क्यूआर कोड युक्त आधुनिक प्रवेश पत्र लाना अनिवार्य होगा। ताकि तुरंत स्कैनिंग हो सके। पहचान के लिए अनिवार्य रूप से मूल रंगीन फोटो पहचान पत्र ही मान्य होगा। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर प्रवेश से लेकर परीक्षा समाप्ति तक सघन वीडियो रिकॉर्डिंग करवाई जाएगी।

100 मीटर के दायरे में नहीं खुलेंगे साइबर कैफे

प्रशासन के सख्त निर्देशों के अनुसार परीक्षा के दौरान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में आने वाले सभी साइबर कैफे और ई-मित्र की दुकानें पूरी तरह से बंद रहेंगी। इसके अलावा, परीक्षा परिसर में किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ आदि का प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा। परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर कोई ढिलाई या शिथिलता न रहे, इसके लिए विशेष फ्लाइंग स्क्वॉड (उड़नदस्ते) और पर्यवेक्षी अधिकारी निरंतर केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे।

परीक्षा का कार्यक्रम

परीक्षा 5 और 6 अप्रेल को दो पारियों में आयोजित की जाएगी। पहली पारी सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक सामान्य हिन्दी की परीक्षा तथा दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक सामान्य ज्ञान-जीके का पेपर होगा। पहले दिन 7664 तथा दूसरे दिन 7663 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।