
बरसात में विक्रय करने के लिए बड़े पैमाने पर किया रेत का अवैध भण्डारण
फोटो- इंदुरखी गांव के अंदर रेत का अवैध भण्डारण फोटो- इंदुरखी गांव के पास किया गया रेत का डंप फोटो- मिहोना कस्बे से होकर गुजरता रेत से ओवरलोड ट्रक
मिहोना. बरसात में सिंध नदी के उफान पर आ जाने एवं शासन द्वारा खनन पर प्रतिबंध लगाए जाने के चलते रेत के खननकर्ताओं ने पूर्व से ही व्यापक स्तर पर रेत का अवैध भण्डारण कर लिया है। भिण्ड जिले के मिहोना अंतर्गत ग्राम इंदुरखी में गांव के अंदर जहां हजारों घन मीटर रेत के ढेर लगा दिए गए हैं वहीं गांव के बाहर आसपास भी यही आलम है।
रेत के ये अवैध भण्डारण किसी गोदाम या चार दीवारी के अंदर नहीं लगाए गए हैं बल्कि खुले मैदान में लगे हैं। बावजूद इसके प्रशासनिक स्तर पर इन अवैध रेत के भण्डारणों पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। ऐसे में रेत खननकर्ता बेखौफ होकर रेत को ट्रका, डंपर एवं ट्रैक्टर ट्रॉलियों के माध्यम से जिले के विभिन्न कस्बों में ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में भी खपा रहे हैं।
- रॉयल्टी न देकर शासन को लगा रहे आर्थिक चपत, ओवरलोडिंग से ध्वस्त कर रहे सडक़ें
औसतन मिहोना क्षेत्र में सिंध नदी से 24 घंटे में 100 से 120 वाहन रेत का परिवहन कर रहे हैं। ऐसे में हर रोज 2000 रुपए प्रति वाहन रॉयल्टी दर से हर रोज दो लाख रुपए से अधिक के राजस्व का शासन को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। वहीं 120 से 140 टन वजन लेकर गुजर रहे वाहन क्षेत्र की सडक़ों को भी ध्वस्त कर रहे हैं। आलम ये है कि पांच साल पूर्व बनाई गई सडक़ें उपरोक्त वाहनों के आवागमन से जर्जर हो गई हैं।
- जप्त कराएंगे इंदुरखी के अवैध डंप
मिहोना क्षेत्र में जहां भी अवैध रेत भण्डारण किया गया है उन स्थलों पर निरीक्षण कराया जाएगा। वहीं इंदुरखी के अवैध डंप भी जप्त किए जाएंगे। इस संबंध में हम कार्यवाही की तैयारी कर रहे हैं। बिना रॉयल्टी के रेत परिवहन कर रहे एक वाहन पर आज कार्रवाई की गई है। ये कार्यवाही नियमित रूप से चलेगी।
राकेश देशमुख, खनिज निरीक्षक भिण्ड
----------------------
Published on:
20 Jun 2023, 6:46 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.