
देर रात दो चचेरे भाईयों ने पी शराब, घर पहुंचने पर पत्नियां झगड़ीं तो एक ने फांसी लगा ली, दूसरा कुए में कूद गया
फोटो- चारपाई फांसकर कुए में कूदे व्यक्ति को बाहर निकालते ग्रामीणजन फोटो- मृतक राजकुमार
भिण्ड। दो चचेरे भाईयों ने रोज की भांति बुधवार की देर रात शराब पी। नशे में धुत होकर घर पहुंचे तो पत्नियों ने शराब पीने को लेकर कलह शुरू कर दिया। ऐसे में 40 वर्षीय राजकुमार दोहरे पुत्र जगहमोहन दोहरे ने कमरे में जाकर फांसी लगाकर जान दे दी। उधर उसका 45 वर्षीय चचेरा भाई श्रीकृष्ण दोहरे पुत्र श्यामलाल दोहरे पत्नी के झगड़े के बाद पास में ही स्थित कुए में कूद गया। हालांकि उसे ग्रामीणों ने चारपाई फांसकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। मामला भिण्ड जिले के ऊमरी थाना क्षेत्र के अकोड़ा अंतर्गत वार्ड क्रमांक 8 का है।
पुलिस के अनुसार राजकुमार दोहरे को बुधवार व गुरुवार की रात करीब डेढ़ बजे उसके छोटे भाई लल्लू दोहरे ने फंदे पर लटका देखा। ऐसे में पुलिस को सूचना किए जाने के बाद उसे फंदे से उतारा। राजकुमार की मौत हो चुकी थी। इधर चचेरा भाई श्रीकृष्ण भी लगभग उसी दरमियान घर से आवेश में निकलकर पास में ही स्थित सूखे कुए में कूद गया। परिजन इधर उधर तलाश करते रहे। सुबह कुए से आवाज आने पर एकत्रित हुए ग्रामीणों ने चारपाई अंदर डाल दी जिस पर श्रीकृष्ण लेट गया और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
- सीएम के आदेश उपरांत भी बंद नहीं कराया जा सका पुराना कुआ
इंदौर जिले में बावड़ी धंसकने से हुए जनहानि भरे हादसे के बाद जारी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा जारी किए गए पुराने कुए और बावड़ी पाटने के आदेश को जिला प्रशासन ने अमल में नहीं लिया। महज जिला स्तर पर एक आदेश जारी कर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। जिले में कई जगह ऐसे कुए खुले पड़े हैं। अकोड़ा के इस कुए में करीब सात साल पहले भरत श्रीवास एवं चार साल पूर्व उदय सिंह जादौन की गिरने से मौत हो चुकी है।
----------------------------
Published on:
22 Jun 2023, 8:11 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.