
UCC Bill in MP Implemented this month: डॉ. मोहन यादव ने लहार में लाड़ली बहना योजना कार्यक्रम से किया ऐलान, इसी महीने लागू होगा ucc। (PHOTO: सीएम मोहन यादव fb पेज)
UCC in MP: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है, मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) इसी माह लागू की जाएगी। एक देश-एक विधान की दिशा में केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाई है और अब प्रदेश समान नागरिक संहिता लागू करने की तैयारी में है। रविवार को सीएम ने भिंड जिले में लहार के भाटनताल मैदान में 322 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 40 विकास एवं निर्माण कार्यों के लोकार्पण और 16 कार्यों के शिलान्यास किया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा, यूसीसी को लेकर प्रदेश के 55 जिलों में विशेषज्ञों के माध्यम से अध्ययन कराया गया है, जिसमें व्यापक समर्थन मिला है। उन्होंने दावा किया कि मुस्लिम महिलाओं ने भी इस कानून का समर्थन करते हुए इसे जल्द लागू करने की मांग की है।
मुख्यमंत्री ने महिला आरक्षण बिल को लेकर कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने वाले इस कानून का विरोध कर विपक्ष ने अपनी सोच उजागर की है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी, राहुल गांधी सहित पूरे विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘लड़की हूं-लड़ सकती हूं' का नारा देने वाली कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और उनके भाई राहुल गांधी सहित पूरे विपक्ष ने महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने वाले बिल का विरोध करके महिला विरोधी होने का परिचय दिया है।
पश्चिम बंगाल और असम में हुए चुनावों में बहनों ने पूरे विपक्ष से बदला लिया। उन्होंने कहा, प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से 1835 करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित की गई है।
डॉ. यादव ने कहा, सरकार गांव-गांव तक सडक़ पहुंचा रही है, इसलिए सार्वजनिक परिवहन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। कांग्रेस शासन में बंद हुई रोडवेज बस सेवा को प्रदेश सरकार दोबारा शुरू करने जा रही है। इसकी शुरुआत इसी माह होगी और इसे चरणबद्ध तरीके से ग्रामीण क्षेत्रों तक विस्तार दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने विधायक अंबरीश शर्मा की मांग पर शासकीय महाविद्यालय लहार में स्नातकोत्तर (पीजी) कक्षाएं शुरू करने की घोषणा भी की।
विधायक अंबरीश शर्मा ने रावतपुरा सरकार मंदिर मार्ग के चौड़ीकरण और प्रकाश व्यवस्था की मांग रखते हुए कहा कि इससे उत्तर प्रदेश से संपर्क और बेहतर होगा। उन्होंने नगर में सीवरेज व्यवस्था, मछंड में नई तहसील, आलमपुर स्थित मल्हार राव होलकर की छतरी के जीर्णोद्धार तथा दमोह के करधैन तालाब के सौंदर्यीकरण की मांग भी रखी। साथ ही क्षेत्र में 12 करोड़ रुपये की लागत से छह गोशालाओं के निर्माण के संकल्प का उल्लेख किया।
Updated on:
13 Jul 2026 09:10 am
Published on:
13 Jul 2026 09:08 am
