
भिण्ड। अटेर के चौम्हो गांव में दीपावली की पूजा करने तैयार हो रही एक महिला की सर्प के काटने से मौत हो गई। परिजन गांव में 2 घंटे तक झाड़-फूंक कराते रहे, अगर समय पर अस्पताल ले जाते तो उसकी जान बच सकती थी। पुलिस ने मंगलवार की सुबह मृतका का पीएम कर शव परिजन के सुपर्द कर दिया।
38 वर्षीय नीलम पत्नी हंसराज जाटव सोमवार की शाम 7 बजे दीपावली की पूजा करने के लिए तैयार हो रही थी। नीलम तैयार होकर टूटे बालों को घर में ईंटों की कच्ची दीवार में अंगुली से उलझा रही थी। दीवार के अंदर पहले से काला सांप कुंडली मारे बैठा था। जैसे ही नीलम ने अंगुली खोखली दीवार में डाली, तभी सर्प ने उसे डस लिया। अंगुली में खून निकलते देख, यह बात उसने अपने पति व घरवालों को बताई।
परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की बजाय गांव में झाड़-फूंक करवाते रहे। लेकिन तबियत और अधिक बिगड़ती चली गई। बाद में महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, परंतु तब तक देर हो चुकी थी। डॉक्टर ने नब्ज देखकर नीलम को मृत घोषित कर दिया। मृतका का पति मजदूरी करके अपने चार बच्चों का भरण-पोषण कर रहा था। पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
Updated on:
26 Oct 2022 03:18 pm
Published on:
26 Oct 2022 03:16 pm
बड़ी खबरें
View Allभिंड
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
