
200 new notes in India
भोपाल। राजधानी की कुछ बैंकों में 200 रुपए का नोट आ गया। बैंक काउंटर पर नकदी लेने पहुंचे लोगों को ये नोट दिए हैं। बैंक अधिकारियों ने बताया कि रिजर्व बैंक ने कुछ शाखाओं में एक दिन पहले ही इन नए नोटों की सप्लाई कर दी गई थी, लेकिन वितरण शुक्रवार से शुरू किया गया। 100 रुपए के नोटों की जगह लोग अब 200 रुपए का नोट भी रख सकेंगे। फिलहाल 100 और 500 के नोट चलन में ज्यादा हैं। इनके बीच में अब तक कोई नोट नहीं था। रिजर्व बैंक ने नई सीरीज के 50 रुपए के नए नोट भी जारी किए हैं। सेन्ट्रल बैंक के सीनियर रीजनल मैनेजर मोहन सैमुअल ने बताया कि सोमवार से सेन्ट्रल बैंक में 50 और 200 के नए नोटों का वितरण शुरू होगा।
फिलहाल एटीएम में नहीं मिलेंगे
एटीएम में 200 के नए नोट अभी नहीं मिलेंगे। सेन्ट्रल बैंक के ही एक अन्य अधिकारी ने बताया कि अभी साइज को लेकर भी देखना पड़ेगा कि एटीएम में डालने पर नया नोट पास होता है या नहीं।
वित्त मंत्रालय ने एक अधिसूचना में कहा था कि रिजर्व बैंक के केंद्रीय निदेशक मंडल की सिफारिशों के मद्देनजर केंद्र सरकार 200 रुपये का बैंक नोट जारी करने की अनुमति देती है। पिछले साल नवंबर में नोटबंदी की घोषणा के बाद केंद्रीय बैंक ने 500 रुपये का नया नोट जारी किया था और साथ ही 2,000 रुपये का नोट पेश किया था।
जानें नोट की खास बातें
0 आरबीआई ने बताया है कि 200 रुपये के नोट में पीछे की ओर सांची स्तूप का मोटिफ दिया गया है।
0 नोट का बेस कलर चमकीला पीला रखा गया है और महात्मा गांधी की तस्वीर नोट के बींचोबीच है।
0 नोट में और भी कई डिजाइन, जियोमैट्रिक पैटर्न और अगले व पिछले हिस्से में एक खास तरह की कलर स्कीम का प्रयोग किया गया है।
0 नोट के पिछले हिस्से में स्वच्छ भारत का लोगो है और किस साल में नोट को प्रिंट किया गया है, यह नोट के लेफ्त में छपा होगा।
इनका कहना है-
0 200 रु. के नोटों का वितरण शुक्रवार से कर दिया है। लोगों को जरूरत के हिसाब से शाखाओं के माध्यम से नोट दिए जा रहे हैं। रिजर्व बैंक ने कितने नोट रिलीज किए, यह नहीं बताया जा सकता।
एच.सी. मंगल, जोनल मैनेजर, बैंक ऑफ इंडिया
Published on:
26 Aug 2017, 8:01 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.