
भोपाल. मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर 17 नवंबर को हुई वोटिंग के बाद पहली बार भोपाल में प्रदेश बीजेपी की बड़ी बैठक हुई। प्रदेश बीजेपी कार्यालय में हुई इस बैठक में सीएम शिवराज सिंह चौहान, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, केन्द्रीय मंत्री और दिमनी प्रत्याशी नरेन्द्र सिंह तोमर समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे जिनके बीच करीब 3 घंटे तक मीटिंग के दौरान मंथन चला। बैठक में मतदान के बाद मतगणना की तैयारियों समेत कई विषयों पर चर्चा हुई। बैठक के बाद सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि मतदान के बाद की प्रक्रिया को लेकर चर्चा हुई है। एक निश्चित समय सीमा के अंदर प्रत्याशियों को हिसाब किताब चुनाव आयोग को देना पड़ता है। इसे लेकर भी सभी से चर्चा हुई।
बैठक के बाद सीएम शिवराज का बयान
बीजेपी प्रदेश कार्यालय में हुई करीब 3 घंटे की बैठक के बाद जब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बैठक से बाहर निकले तो उन्होंने मीडिया से बात की। इस दौरान सीएम शिवराज सिंह चौहान ने एक बार फिर प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में सभी तरफ आनंद की वर्षा हो रही है। वहीं राजनगर में कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह नातीराजा के ड्राइवर सलमान खान की हत्या के मामले को लेकर सीएम शिवराज ने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है और इस दुखद घटना के लिए जो भी जिम्मेदार हैं उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।
3 दिसंबर को घोषित होगा रिजल्ट, बीजेपी-कांग्रेस का जीत का दावा
बता दें कि मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव की मतगणना 3 दिसंबर को की जानी है। हालांकि मतगणना से पहले ही प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही अपनी अपनी जीत का दावा करते हुए सरकार बनाने की बात कह रहे हैं। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने आज जहां सभी और आनंद की वर्षा होने की बात कहते हुए सरकार बनाने का दावा किया है तो वहीं इससे पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा था कि 3 दिसंबर का इंतजार कीजिए इतना ही नहीं उन्होंने अफसरों की सूची तैयार होने की बात भी कही थी।
Updated on:
21 Nov 2023 10:01 pm
Published on:
21 Nov 2023 09:44 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
