भोपाल

GIS 2025: भोपाल आएंगे अंबानी-अडानी सहित कई बड़े उद्योगपति, फरवरी में होगी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट

Global Investors Summit: मध्य प्रदेश में 24-25 फरवरी को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन होने जा रहा है। यह पहली बार है जब भोपाल में इतनी भव्य इन्वेस्टर्स समिट आयोजित की जा रही है। इस आयोजन दो दिवसीय समिट में देश-विदेश के बड़े उद्योगपतियों और निवेशकों का जमावड़ा लगेगा।

2 min read
Jan 30, 2025

Global Investors Summit:मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल फरवरी में एक ऐतिहासिक आयोजन का साक्षी बनने जा रही है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2025 का आयोजन 24-25 फरवरी को किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश के बड़े उद्योगपतियों और निवेशकों का जमावड़ा लगेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस आयोजन में विशेष रूप से शामिल होंगे। यह समिट राष्ट्रीय मानव संग्राहलय म्यूजियम में होगी।

इस समिट में 30 से अधिक देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे, जिससे मध्य प्रदेश को एक अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलने की उम्मीद है। इस दो दिवसीय आयोजन में लगभग 15,000 से अधिक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे, जिनमें कई अंतरराष्ट्रीय निवेशक भी शामिल होंगे।

'एक जिला, एक उत्पाद' की लगेगी प्रदर्शनी

इस समिट में 'एक जिला, एक उत्पाद' प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें हर जिले की खासियत को उजागर किया जाएगा। खासकर, मध्य प्रदेश की समृद्ध जनजातीय संस्कृति को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने के लिए इसे जनजातीय थीम पर सजाया जाएगा।

जापान होगा कंट्री पार्टनर

इस बार की समिट में जापान कंट्री पार्टनर होगा, जिससे दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग को और मजबूती मिलेगी। जापानी निवेशकों के अलावा अन्य देशों के भी निवेशक इस समिट में भाग लेंगे। मध्य प्रदेश सरकार इस मौके को भुनाने के लिए 21 नई नीतियों पर काम कर रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी होंगे शामिल

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घोषणा की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समिट में 24 फरवरी को शामिल होंगे। यह पहली बार है जब भोपाल में इतनी भव्य इन्वेस्टर्स समिट आयोजित की जा रही है। सीएम यादव ने कहा कि इस आयोजन से मध्य प्रदेश को नई पहचान मिलेगी और यह निवेश के लिए एक आकर्षक गंतव्य के रूप में उभरेगा।

समिट में शामिल होंगे ये उद्योगपति

इस समिट के कई उद्योगपतियों जैसे मुकेश अंबानी, गौतम अडानी, एन. चंद्रशेखरन, नोएल एन. टाटा, आनंदजी महिंद्रा, जमशेद एन. गोदरेज, संजीव पुरी, संजीव बजाज, सतीश रेड्‌डी, नादिर गोदरेज, पवन मुंजाल, एसएन सुब्रह्मण्यम, रिशद प्रेमजी, अजीज प्रेमजी, सलिल एस. पारेख, दिलीप संघवी, वेणु श्रीनिवासन, सुनील भारत मित्तल, बाबा एन. कल्याणी, उदय कोटक को इस समिट में आने और मध्य प्रदेश में निवेश करने के लिए निमंत्रण दिया गया है।

भोपाल में विशेष इंतजाम

भोपाल को इस समिट के लिए एक आदर्श स्थल बनाने के लिए प्रशासन कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। शहर के प्रमुख होटलों, गेस्ट हाउसों, और एयरपोर्ट पर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। चार्टर्ड प्लेन के लिए अलग व्यवस्था की गई है ताकि निवेशकों और वीआईपी मेहमानों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। इस आयोजन की तैयारियों पर मुख्य सचिव अनुराग जैन और भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह विशेष ध्यान दे रहे हैं।

इस थीम पर होगी समिट

समिट को जनजातीय थीम पर सजाया जाएगा। सभी मेहमानों को प्रदेश की जनजातियों के व्यंजन खिलाए जाएंगे। इसके अलावा उन्हें भीमभेटका, भोजपुर जैसे पर्यटन स्थल की भी सैर कराई जाएगी।

निवेश और विकास को मिलेगा बढ़ावा

ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2025 मध्य प्रदेश के आर्थिक विकास के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगी। इस आयोजन से नए उद्योगों की स्थापना, रोजगार के अवसरों में वृद्धि और राज्य की औद्योगिक छवि को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की उम्मीद है। यह समिट मध्य प्रदेश को निवेश के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगी।

Also Read
View All

अगली खबर