
Amarwara By Election Result 2024: मध्य प्रदेश लोकसभा सीट जीतने के एक महीने बाद ही भाजपा ने कमलनाथ के गढ़ में एक विधानसभा सीट भी जीत ली। कांग्रेस से भाजपा में गए कमलेश शाह ने अमरवाड़ा उपचुनाव में धीरन शाह को 3027 वोटों से हराया। जीत का यह अंतर नोटा से भी कम है, यहां नोटा को 3403 वोट मिले हैं। शनिवार को पीजी कॉलेज में हुई काउंटिंग में काफी उलटफेर होते रहे। पहले से चौथे राउण्ड तक भाजपा आगे थी। उसके बाद 5वें राउंड से 17वें राउंड तक लगातार कांग्रेस आगे रही। फिर 18वें से 20वें राउंड तक भाजपा हावी रही और जीत हासिल की।
कांग्रेस ने दो राउंड की काउंटिंग में गड़बड़ी की आशंका जताई। कांग्रेस प्रत्याशी धीरेंद्र शाह ने भी रीकाउंटिग कराने की लिखित मांग की। कमलेश को 83105 और धीरन शा को 80078 वोट मिले। तीसरे स्थान पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के देव रावेन भलावी को 28723 वोट मिले। अमरवाड़ा में 16 साल बाद भाजपा को जीत मिली है। इससे पहले 2008 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए प्रेमनारायण ठाकुर ने 437 वोट से इस सीट पर जीत दर्ज की थी। अमरवाड़ा विधानसभा उपचुनाव में 10 जुलाई को वोटिंग हुई थी। उपचुनाव के जीतने के बाद कमलेश शाह मंत्री पद की दौड़ में शामिल हो गए हैं।
कमलेश शाह ने 2013 में कांग्रेस उमीदवार रहते पहली जीत हासिल की थी। उसके बाद वर्ष 2018 और 2023 में कांग्रेस से विधायकी बनाए रखी। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा में आने के बाद विधानसभा से इस्तीफा दिया, उसके बाद उपचुनाव में अब जीत हासिल की है।
छिंदवाड़ा कमलनाथ का गढ़ रहा। मोदी लहर में भी कांग्रेस ने 2018 व 2023 के विस चुनाव में जिले की सभी 7 सीटें जीतीं। 2024 के लोकसभा चुनाव से कांग्रेस कमजोर होने लगी। नकुल लोकसभा चुनाव हारे। अब 7 में से 6 विस सीट पर कांग्रेस है।
जनता ने 'विश्वास की गारंटी' पर पूर्ण विश्वास जताया। ये भाजपा और जनता के बीच का रिश्ता बताता है।
-डॉ. मोहन यादव, सीएम
यह लोकप्रियता व लोकतंत्र की स्वस्थ परंपरा पर प्रबंधन की विजय है। सत्ता और पैसे के दुरुपयोग के बाद भी कम अंतर नैतिक पराजय है।
-जीतू पटवारी, प्रदेश कांग्रेस अघ्यक्ष
Updated on:
14 Jul 2024 02:28 pm
Published on:
14 Jul 2024 08:18 am

बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
