
बड़ी खबर: दिल्ली-भोपाल नहीं, अब यहां होगा 'अमित शाह का नया बेसकैम्प'!
भोपाल। तीन राज्यों में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का बेस कैंप भोपाल बनाए जाने की तैयारियों के बीच एक बड़ी खबर आ रही है। माना जा रहा है कि अब भोपाल अमित शाह का बेस कैम्प नहीं होगा, बल्कि इसे शिफ्ट किया जा रहा है। अभी तक माना जा रहा था कि मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए अमित शाह भोपाल में ही रह कर सारी गतिविधियों पर नजर रखेंगे। मध्यप्रदेश की राजधानी से दोनों राज्यों की दूरी लगभग बराबर है, ऐसे में तीनों राज्यों की मॉनिटरिंग करना काफी आसान हो जाता। लेकिन अब इस बेस कैम्प के स्थान में परिवर्तन किए जाने की तैयारी की जा रही है।
चुनाव की हर हलचल पर नजर रखना चाहते हैं शाह
दरअसल केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनावों में हर कदम पर सतर्कता से काम कर रही है। वर्तमान में तीनों राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की ही सरकार है, ऐसे में पार्टी की पूरी कोशिश है कि तीनों राज्यों में अपना जलवा कायम रखा जाए। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष खुद सारी तैयारियों पर नजर रख रहे हैं। ऐसे में पार्टी आलाकमान ने चुनाव तक पार्टी और राष्ट्रीय अध्यक्ष के बेसकैम्प के लिए भोपाल का चयन किया था। लेकिन फिलहाल खबर आ रही है कि इसे बदलकर इंदौर कर दिया गया है, यानि कि इंदौर में ही अमित शाह का वॉररूम तैयार किया जाएगा।
दरअसल पार्टी भी जानती है कि बीते एक साल में कई राजनीतिक समीकरण बदले हैं। इसके अलावा राजस्थान, छत्तीसगढ़ और विशेषकर मध्यप्रदेश में पार्टी को पिछले कई विधानसभा और लोकसभा उपचुनावों में हार का मुंह देखना पड़ा है। हालांकि तब पार्टी की ओर से इन्हें सिर्फ कुछ सीटों पर हुए चुनाव की बात कह कर मुख्य चुनावों में बंपर जीत का दावा किया गया था, लेकिन यह बात भी सही है कि उपचुनावों को सत्ता का सेमीफाइनल माना जा रहा था और इस सेमीफाइनल में भाजपा को जनता ने नकार दिया। भाजपा भी इस बात को बेहतर ढंग से समझ रही है कि कहीं न कहीं मुख्य चुनाव में उसे इन आंकड़ों से नुकसान पहुंच सकता है।
क्या सिर्फ फ्लाइट कनेक्टिविटी की वजह से बदल रही है लोकेशन
माना जा रहा था कि इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखते हुए पार्टी युद्धस्तर पर तैयारियां कर रही है। मध्यप्रदेश में अमित शाह का हाईटैक वाररूम बनाए जाने की बात फाइनल हो चुकी है और भोपाल इसके लिए चुन भी लिया गया था, लेकिन अब इसके लिए दूसरे शहर का चुनाव किया जा रहा है। माना जा रहा है कि यह शहर इंदौर होगा।
आपको बता दें कि टीम अमित शाह के 40 सदस्य भोपाल पहुंच चुके हैं और उन्होंने अपनी तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। सरकार की ओर से अमित शाह को सरकारी बंगले आवंटित किए गए हैं, जिनके रिनोवेशन का काम भी लगभग पूरा हो चुका है। लगेज अनपैकिंग और सिस्टम इंस्टालेशन किया जाना अभी बाकी है और ऐसे समय में शाह की टीम के इंदौर शिफ्टिंग की बात की जा रही है।
सूत्रों के हवाले से मिली खबर के मुताबिक फ्लाइट कनेक्टिविटी के कारण अमित शाह की टीम ने भोपाल से इंदौर शिफ्ट करने का फैसला लिया है। हालांकि यहां पर बड़ा सवाल यह है कि आखिरी वक्त में क्या सिर्फ फ्लाइट क्नेक्टिविटी की वजह से अमित शाह के बेस कैम्प को बदलने का फैसला लिया जा रहा है या कारण कुछ और है। क्योंकि यदि भाजपा की रिसर्च टीम ने शाह के बेसकैम्प के लिए भोपाल को प्राथमिकता दी थी, तो क्या उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी भोपाल से किन किन जगहों के लिए फ्लाइट कनेक्टिविटी है? हालांकि बेस कैम्प बदलने के बारे में अभी और बातें सामने आना बाकी हैं, जिनके सामने आने के बाद ही यह बात पूरी तरह साफ हो पाएगी कि वाकई भोपाल से उठकर अमित शाह का वॉररूम इंदौर शिफ्ट होगा? और यदि ऐसा होता है तो उसके पीछे क्या कारण हैं।
Published on:
2 Aug 2018, 3:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.