भोपाल. राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना 'भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना' (आयुष्मान भारत) लांच की। इस योजना के दायरे में आने वाले लोग राशन कार्ड या आधार कार्ड दिखाकर इलाज करा सकते हैं। अस्पताल से मरीज की छुट्टी होने के 15 दिन बाद तक का खर्च सरकार उठाएगी। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा, इस योजना से 60 फीसदी शहरी और 80 फीसदी ग्रामीण लोगों को सीधा फायदा मिलेगा।
पांच लाख तक कैशलेस इलाज
इस योजना के तहत राजधानी भोपाल के जेपी और हमीदिया अस्पताल सहित 14 निजी अस्पतालों को चिह्नित किया गया है। मरीजों को योजना में पांच लाख तक के इलाज का भुगतान कैशलेस होगा। इमरजेंसी में भर्ती होने पर सिर्फ हितग्राही का नाम और कार्ड नंबर पूछा जाएगा। योजना में 1350 बीमारियों का इलाज (पैकेज) शामिल है। हार्ट, दिमाग, गुर्दे, लिवर और कैंसर से संबंधित सभी बीमारियों का इलाज पैकेज में शामिल किया गया है।