16 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अमित शाह से मिले सीएम कमलनाथ, इन मुद्दों पर हुई बात

सीएम कमलनाथ को अमित शाह ने दिया मदद का भरोसा

2 min read
Google source verification
5_10.jpg


भोपाल/ मध्यप्रदेश के सीएम कमलनाथ दिल्ली दौरे पर हैं। उन्होंने दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान मध्यप्रदेश अतिवृष्टि की वजह से हुई तबाही पर चर्चा की है। उन्होंने शाह से जल्द ही मदद मुहैया करवाने की अपील भी की है। इसके साथ ही सीएम कमलनाथ ने शाह को एक ज्ञापन भी सौंपा और मध्यप्रदेश में बाढ़ से हुए नुकसान की जानकारी दी।

सीएम कमलनाथ ने गृह मंत्री अमित शाह से कहा कि वे किसानों और अन्य प्रभावितों को तत्काल मदद दिए जाने के लिए राष्ट्रीय आपदा राहत कोष से शीघ्र ही 6621.28 करोड़ रुपये की राहत राशि जारी करें। सीएम ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि बाढ़ के कारण 55 लाख से अधिक किसान और आम आदमी प्रभावित हुए हैं। अधोसंरचना को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

सामान्य से अधिक बारिश हुई
कमलनाथ ने अमित शाह से कहा कि इस बार राज्य में सामान्य से 46 फीसदी अधिक बारिश हुई। प्रदेश में 52 में से 20 जिलों में समान्य से 60 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है। किसानों की सभी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने प्रदेश में भारी बारिश के कारण आई त्रासदी को गंभीर आपदा की श्रेणी में रखने की मांग की।

पीएम मोदी से भी मिल चुके हैं नाथ
केंद्रीय मदद के लिए मुख्यमंत्री कमलनाथ 4 अक्टूबर 2019 को प्रधानमंत्री मोदी से भी मिले थे। उन्होंने पीएम को भी अति-वृष्टि से हुए नुकसान के बारे में जानकारी दी थी। सीएम के आग्रह पर पीएम ने आश्वासन दिया था कि फिर से केंद्रीय दल नुकसान का आकलन करेगी। केंद्रीय अध्ययन दल ने 14 से 16 अक्टूबर के बीच प्रदेश के 16 जिलों में हुए नुकसान का जायजा लेकर अपनी रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंप दी है।


शाह ने दिया मदद का भरोसा
सीएम कमलनाथ ने अमित शाह से कहा कि आकलन होने के बाद अब केंद्र सरकार तत्काल राज्य सरकार को राहत राशि दे ताकि सभी प्रभावितों, विशेषकर किसानों को हुए नुकसान की भरपाई की जा सके। इस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री कमलनाथ को हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया है। दरअसल, प्रदेश में सरकार ने प्रभावित किसानों का सर्वे के बाद मुआवजा देेने का ऐलान किया है।