
आभूषण खरीदने वालों के लिए अच्छी खबर
भोपाल. दिवाली-धनतेरस के पहले सराफा बाजार ग्राहकों से गुलजार है। लगभग हर बाजार में ज्वेलरी शोरूम से लेकर छोटी दुकानों पर ज्वेलरी की पूछ-परख हो रही है। खासकर महिलाएं करवाचौथ के व्रत के लिए सोने एवं चांदी के जेवर पसंद कर रही हैं। हालांकि, अक्टूबर माह में सोना-चांदी के दामों में तेजी आई है लेकिन ज्वेलरी पर कई आकर्षक ऑफर्स देकर ग्राहकों को लुभाया जा रहा है. दो साल में पहली बार सोने की खरीदारी में ऐसी छूट मिल रही है.
सराफा के जानकारों का कहना है कि अभी ग्राहक और व्यापारी दोनों के लिए निवेश का यह उत्तम अवसर है। करवा चौथ के लिए बाजारों में चांदी के करवा से लेकर पायल, बिछिया, गिफ्ट आर्टिकल ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। एक अनुमान के आधार पर बताया जा रहा है कि अगले दो दिन (12 और 13 अक्टूबर) में भोपाल में करीब 4 किलो सोना और 50 किलो चांदी का व्यापार हो जाएगा।
सबसे खास बात तो यह है कि सोने की खरीदारी पर कई आकर्षक ऑफर्स दिए जा रहे हैं. कारोबारी ज्वेलरी मेकिंग चार्ज पर छूट दे रहे हैं. इसके अलावा हर खरीद पर इनामी कूपन योजना भी चलाई जा रही है. करवा चौथ से पहले आभूषण खरीदने वालों के लिए यह बहुत अच्छी खबर है.
दो साल के बाद मिली है छूट
दो साल कोविड-19 की पांबदियों के चलते बाजारों में पूछपरख बेहद कमजोर रही। लोगों ने अपनी जरूरत का ही सामान खरीदा। सराफा बाजार में तो और भी दिक्कतें रहीं। अब बाजार में रौनक लौटी है तो व्यापारी इसका लाभ उठाना चाहते हैं. यही कारण है कि कई आकर्षक छूट दी जा रही है.
सोना-चांदी में तेजी का कारण
— डॉलर की तुलना में रुपए की कीमतों में बड़ी गिरावट
— अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोना-चांदी की कीमतों में तेजी
— त्योहारी मांग बढऩे एवं आपूर्ति में कमी
अक्टूबर में सोना-चांदी के भाव
तारीख— सोना प्रति दस— ग्राम चांदी (प्रति किलो)
1 अक्टूबर 51,600 57,000 रुपए
3 अक्टूबर 52,100 60,000 रुपए
4 अक्टूबर 52,600 60,000 रुपए
6 अक्टूबर 53,000 61,000 रुपए
7 अक्टूबर 53,000 61,000 रुपए
10 अक्टूबर 52,300 60,000 रुपए
11 अक्टूबर 52,300 60,000 रुपए
होलसेल सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव गर्ग गांधी बताते हैं कि करवा चौथ के साथ ही आगे भावों में अनिश्चितता को देखते हुए ग्राहक सोना-चांदी के जेवर पसंद कर रहे हैं। यह सिलसिला धनतेरस, दिवाली तक ज्यादा चलेगा। आगे वैवाहिक ग्राहकी भी इस बार अच्छी चलने की उम्मीद है।
Published on:
12 Oct 2022 07:48 am
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
