
आइजी ने बंद कमरे में अफसरों से की चर्चा, कांग्रेस ने की हत्या का केस दर्ज करने की मांग
खरगोन/बिस्टान/भोपाल. खरगोन जिले की बिस्टान पुलिस द्वारा लूट के मामले में गिरफ्तार और जेल में बंद आरोपी बिसन की मौत को लेकर मामला गर्माया हुआ है। परिजनों सहित कांग्रेस का आरोप है बिसन की मौत पुलिस की प्रताडऩा और मारपीट से हुई है, जिसकी जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। मामले में जांच के लिए बुधवार को इंदौर आइजी हरिचारण मिश्र भी बिस्टान पहुंचे और घटना की जानकारी ली। अधिकारियों से चर्चा कर निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए। उधर, खेरकुंडी में मृतक बिसन का अंतिम संस्कार बुधवार को किया गया। वहीं क्षेत्रीय विधायक केदार डावर ने पीडि़त परिवार से मुलाकात कर उन्हें विधायक निधि से 10 हजार रुपए का चेक सौंपा। बता दें पुलिस ने झगड़ी घाट क्षेत्र में लूट की वारदात को लेकर गतदिनों खेरकुंडी के 12 आरोपियों को हिरासत में लिया था।
बुलाकर थाने में बैठाया
विधायक से चर्चा में मृतक बिसन के पिता हाबू व पत्नी रमतूबाई ने बताया परिवार में किसी सदस्य पर कोई अपराध नहीं है। गांव के पटेल गुलाब के माध्यम से सूचना देकर थाने पर बुलाया था। 31 अगस्त को बिसन थाने गया, तो उसे गिरफ्तार कर बैठा लिया। ग्रामीणों ने छोडऩे की बात कही, तो पुलिस ने पूछताछ करने की बात कही। तीन सिंतबर तक नहीं छोड़ा गया और न ही कोर्ट में पेश किया। परिजनों का आरोप है कि बिसन स्वस्थ था, पुलिस की मारपीट से ही उसकी मौत हुई है।
पुलिस के पास वीडियो फुटेज हैं, जिस तरह लोगों ने एकमत होकर पथराव और तोडफ़ोड़ की है। उसकी जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मामले की ज्यूडिशियल जांच हो रही है। पुलिसकर्मी दोषी पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
नीरज चौरसिया, एएसपी खरगोन
कांग्रेसियों ने डीजीपी से की मुलाकात
भोपाल. कांग्रेस नेताओं ने बुधवार को डीजीपी से मुलाकात की। अरुण यादव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपा। घटना की उच्च स्तरीय जांच, दोषियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता जेपी धनोपिया, रवि सक्सेना, अवनीश बुंदेला, विक्की खोंगल, मोनू सक्सेना शामिल थे। मीडिया से चर्चा में यादव ने कहा ये घटनाएं प्रदेश को शर्मसार करने वाली हैं। सरकार घटनाओं पर मौन क्यों है। उन्होंने लचर कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान लगाते हुए अपराधियों पर दंडात्मक कार्रवाई न होने पर पुलिस प्रशासन के ढुलमुल रवैया को भी जिम्मेदार ठहराया। यादव ने कहा, बिसन की मौत से उसका परिवार असहाय हो गया है।
Published on:
09 Sept 2021 01:55 am
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
