18 जनवरी 2026,

रविवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चुनाव से पहले राय की भाजपा से छुट्टी, संघ के केशव नीडम में करेंगे काम

लोकसभा चुनाव 2019 से पहले भाजपा और संघ में बड़ी सर्जरी की शुरुवात, पहली बार भाजपा से संघ में हुई किसी की वापसी

2 min read
Google source verification
news

चुनाव से पहले राय की भाजपा से छुट्टी, संघ के केशव नीडम में करेंगे काम

भोपाल. अतुल राय को भाजपा प्रदेश सह संगठन महामंत्री पद से हटा दिया गया है। राय को संघ ने वापस बुलाते हुए मध्यभारत प्रांत का कार्यकारणी सदस्य बनाया है। हालांकि, भाजपा की ओर से इस फेरबदल की पुष्टि करते हुए प्रदेश प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने कहा कि राय ने संघ में वापसी के लिए राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल को पत्र लिखा था।

राय अब भोपाल के संघ कार्यालय केशव नीडम में कार्य करेंगे। राय पहले ऐसे पूर्णकालिक होंगे, जिनकी भाजपा से संघ में वापसी हुई है। महाकौशल संभाग के संगठन मंत्री रहे राय को अगस्त 2017 में प्रमोशन देते हुए प्रदेश सह संगठन महामंत्री बनाया गया था। उन्हें हटाए जाने की अटकलें लंबे समय से चल रही थीं। राय को विधानसभा चुनाव में मध्य और महाकौशल क्षेत्र का कार्य दिया गया था।

संघ तक पहुंची थी शिकायत

सूत्रों के मुताबिक विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिली हार के कारण राय की संघ में वापसी हुई है। वहीं, राय के खिलाफ पिछले दिनों कई शिकायतें भी संघ के बड़े पदाधिकारियों तक पहुंची थीं। पार्टी ने फिलहाल नए प्रदेश सह संगठन महामंत्री के नाम का ऐलान नहीं किया है। वहीं, संभावना है कि कुछ संभागीय संगठन मंत्रियों को भी संघ बुला सकता है।

युवा मोर्चा में कई जिला अध्यक्षों की होगी छुट्टी

भाजपा युवा मोर्चा की प्रदेश इकाई में भी सर्जरी होने वाली है। इसमें विधानसभा चुनाव और उसके बाद लगातार कमजोर परफॉर्मेंस वाले एक दर्जन जिला अध्यक्षों की छुट्टी हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पाण्डे को राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम महाजन ने इसकी सहमति दे दी है। जिला अध्यक्षों के साथ ही कुुछ प्रदेश पदाधिकारी भी हटाए जा सकते हैं। वहीं, विधानसभा चुनाव में हार के बाद भाजपा के 13 जिला अध्यक्ष बदले जा चुके हैं।

चुनाव में निष्क्रिय रहे

विधानसभा चुनाव में युवा मोर्चा के कई जिला अध्यक्ष अपनी निष्क्रियता रहे। इसमें गुना, शिवपुरी, ग्वालियर, मुरैना, अशोकनगर, छतरपुर, दमोह, अनूपपुर, जबलपुर, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, बैतूल, राजगढ़, बुरहानपुर, खरगौन, बड़वानी और धार जिले शामिल हैं।

रणनीति में खरे नहीं

लोकसभा चुनाव की रणनीति में भी केंद्रीय संगठन ने मोर्चा को अहम जिम्मेदारी दी है, जिसमें पहला वोट मोदी को, युवा संसद, कमल कप खेल प्रतियोगिता, टाउन हाल, नेशन विद् नमो जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। कुछ जिलों में ये कार्यक्र्रम औपचारिक तौर पर किए गए हैं।

युवा मोर्चा में किसे हटाया जा रहा है, किसे नहीं। यह पार्टी का अंदरूनी मामला है। जब कोई निर्णय होगा तो सभी को सूचित किया जाएगा। - अभिलाष पाण्डे, प्रदेश अध्यक्ष, युवा मोर्चा