
सीएम ने कहा- पूरे प्रदेश में नहीं लगेगा लॉकडाउन, जहां संक्रमण ज्यादा वहां दो दिनों का बंद
भोपाल. मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले लातार बढ़ रहे हैं। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश की जनता को आश्वत किया है कि वो प्रदेश में लंबा लॉकडाउन नहीं चाहते हैं इसलिए लोग मास्क पहनें और कोरोना से बचाव के लिए जो गाइडलाइन जारी की गई है उसका पालन करें।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि वे लम्बा लॉकडाउन नहीं चाहते। वर्तमान में जिन शहरों में रविवार को लॉकडाउन की व्यवस्था है, वह जारी रहेगी। छिंदवाड़ा और बैतूल जिले जहां संक्रमण अधिक है वहां दो अथवा तीन दिन का लॉकडाउन किया गया है। पूरे प्रदेश में लॉकडाउन लागू नहीं होगा। गरीबों की रोजी-रोटी चलना चाहिए।
नए स्लोगन होंगे मददगार
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि फेस मास्क के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए कुछ स्लोगन लोकप्रिय हो सकते हैं। जैसे "मास्क नहीं तो बात नहीं" और "मास्क नहीं तो सामान नहीं" का पालन उपभोक्ता और दुकानदार दोनों ही करेंगे और मास्क के माध्यम से संक्रमण को रोकने के इस महत्वपूर्ण उपाय का महत्व लोगों को बताया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि नागरिक आत्मानुशासन से सुरक्षित रहेंगे। कोरोना को नियंत्रित करेंगे।
राजनीतिक दल सहयोगी बनें
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों का कोरोना संक्रमण को समाप्त करने में सहयोग लेने के लिए आव्हान किया गया है। प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस सहित अन्य दल आम जनता के हित में संक्रमण को रोकने में सहयोगी बनें और जन- जागरण अभियान में भागीदारी करें।
वैक्सीन की कमी नहीं है
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में वैक्सीन की कोई कमी नहीं है। भारत सरकार से पर्याप्त डोज प्राप्त हुए हैं। कुछ जिलों ने वैक्सीनेशन के लक्ष्य में डेढ़ गुना और दो गुना उपलब्धि अर्जित कर दिखाई है। जिलों में आवश्यक व्यवस्था और कोविड केयर सेंटर भी कार्य करते रहेंगे। निश्चित ही हम मिले-जुले प्रयासों से विजयी होंगे और कोरोना परास्त हो जाएगा।
Published on:
05 Apr 2021 11:27 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
