
सीएम ने कहा- केवल संडे को रहेगा लॉकडाउन, जिन जिलों में संक्रमण ज्यादा वहां भेजा गया दल
भोपाल. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज सुबह स्मार्ट उद्यान में पौधा रोपण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के जिन 4 स्थानों में संक्रमण अधिक है वहां राजधानी से दल रवाना किए गए हैं। इनमें खरगोन, बैतूल, छिंदवाड़ा और रतलाम शामिल हैं। इन जिलों में वरिष्ठ अधिकारी कोरोना संक्रमण के नियंत्रण की व्यवस्थाओं को देखेंगे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महाराष्ट्र के सीमावर्ती जिले छिंदवाड़ा में अधिक रोगी संख्या को देखते हुए संक्रमण के प्रभावी नियंत्रण के लिए तीन दिन के लिए लॉक डाउन किया गया है। इसके अलावा प्रदेश में संडे का लॉकडाउन जिन शहरों में पूर्व में रहा है वहां यथावत रहेगा।
परिवार के स्तर पर मनाएं त्यौहार
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह नागरिकों ने "मेरी होली मेरे घर" के स्लोगन को चरितार्थ किया, उसी तरह आज रंग-पंचमी का त्यौहार एवं अन्य आगामी त्यौहार सादगी से परिवार के स्तर पर मनाएं जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कहीं भी त्यौहार के जुलूस अथवा गेर का आयोजन नहीं होगा। सामूहिक रूप से पर्व त्यौहार नहीं मनाए जा रहे हैं, कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए संयम आवश्यक है।
जहां अधिक संख्या में संक्रमित रोगी हैं वहां अस्पतालों में बेड संख्या भी बढ़ायी गई है। राज्य सरकार इस कार्य में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। सभी के प्रयासों से हम संक्रमण पर नियंत्रण कर लेंगे। प्रदेश में एक अप्रैल से टीकाकरण अभियान को तेज किया गया है। लगभग सभी जिलों ने लक्ष्य प्राप्त करने के प्रयास किए हैं। जनता से अपील है कि 45 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति कृपया प्राथमिकता पूर्वक टीका अवश्य लगवाएं, यह वेक्सीन संक्रमण से लड़ने की क्षमता विकसित करती है।
Published on:
02 Apr 2021 12:27 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
