
भोपाल. रंगों और खुशियों के पर्व धुलेंडी पर शहर में उत्साह, उमंग, मौज मस्ती का नजारा दिखाई दिया। बुधवार को सुबह से ही शहर में होली की मस्ती छाई हुई थी। रंग, अबीर, गुलाल लगाने का सिलसिला सुबह से शाम तक दिखाई दिया। धुलेंडी के मौके पर पूरा शहर रंगों से सराबोर नजर आया। शहर में रंगारंग चल समारोह निकाला गया, जिसमें टैंकरों से रंग और पानी की फुहारे हुरियारों पर छोड़ी गई। धुलेंडी के बाद अब रंगपंचमी की तैयारियां भी शुरू हो गई है। रंगपंचमी पर भी शहर में आकर्षक चल समारोह निकाले जाएंगे और रंग, गुलाल खेला जाएगा।
धुलेंडी पर्व पर सुबह से ही होली का उत्साह नजर आया। होली को लेकर बच्चों में खासा उत्साह था। बच्चे एक दूसरे पर पिचकारियों से रंग बरसा रहे थे। युवा भी पीछे नहीं थे। शहर की रहवासी कॉलोनियों में जगह-जगह होली और फाग गीतों के साथ नाचते गाते हुए युवा भी एक दूसरे को रंग, गुलाल लगा रहे थे। पूरे दिन शहर में होली की धूम रही। इस दौरान लोग एक दूसरे के घर भी रंग गुलाल लगाने के लिए पहुंचे
टैंकरों से बरसा रंग, चलित झांकियां, नृत्य मंडलियां हुई शामिल
हिन्दू उत्सव समिति की ओर से धुलेंडी पर परम्परागत चल समारोह बुधवार को दयानंद चौक से निकाला गया। इस चल समारोह में राधा कृष्ण, भगवान भोलेनाथ सहित अन्य झांकियां शामिल थी। चल समारोह मार्ग में बने चौराहों पर पानी और रंगों के टैंकर खड़े थे, जो चल समारोह में शामिल हुरियारों पर रंग और पानी की बौछारे कर रहे थे। जगह-जगह ठंडाई का वितरण हो रहा था। चल समारोह में दुलदुल घोड़ी, बैंड, घोड़े, तांसे, स्वांगधारी, नृत्य मंडलियां भी शामिल थी। चल समारोह का शुभारंभ दयानंद चौक से हुआ, जो घोड़ा नक्कास, मंगलवारा, जैन मंदिर, इतवारा, चिंतामन चौक, पीपल चौराहा, लखेरापुरा, भवानी मंदिर, सिंधी मार्केट होते हुए जनकपुरी जुमेराती पहुंचा। समिति के महामंत्री सुबोध जैन ने बताया कि रंगपंचमी के मौके पर 12 मार्च को भी आकर्षक चल समारोह निकाला जाएगा।
रंगोत्सव में फूलों की होली, जल फुहार
नवयुवक हिन्दू उत्सव समिति की ओर से होली पर्व के उपलक्ष्य में रंगोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कोटरा वैशाली नगर उमा शंकर सदन में आयोजित किया गया। इस दौरान गीत संगीत, नृत्य, फाग, रास, स्वांगधारी, फूलों की होली, रंग गुलाल, जल फुहार की गई।। इसमें बड़ी संख्या में हुरियारे शामिल हुए। इस मौके पर सभी ने एक दूसरे को होली की बधाई दी। कार्यक्रम में मुकेश राय, डी गोपाल राव, रिचर्ड डिसिल्वा, कुंजीलाल यादव सहित अनेक लोग शामिल थे
वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ खेली होली
ओम शिव शक्ति सेवा मंडल के सदस्यों ने बुधवार को होली का पर्व शाहजहांनाबाद स्थित आसरा वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ मनाया। इस मौके पर सदस्यों ने वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को रंग, गुलाल लगाया और उनका आशीर्वाद लिया, साथ ही दोपहर का भोजन भी बुजुर्गों के साथ किया। मंडल के सचिव रिंकू भटेजा ने बताया कि बुजुर्गों की सेवा ही भोले की सेवा है के तहत पिछले सात सालों से हर साल बुजुर्गों के साथ होली सहित प्रमुख पर्व मनाते हैं। इस मौके पर उमा कपूर ,मीरा गौतम, सुनीता सिंह ,दीपा यादव,राज कुमार शर्मा, सचिन सेवा रामानी सहित अनेक लोग मौजूद थे।
पदयात्रा से लौटे युवाओं ने आनंदधाम में बुजुर्गों के साथ मनाई होली
वैश्विक सेवाभावी संस्था 'सेवा इंटरनेशनल' से जुड़े देश के विभिन्न हिस्सों से आए 35 से अधिक युवा फैलो ने महाराष्ट्र के वनवासी क्षेत्रों से पदयात्रा पूर्ण कर बुधवार को आंनद धाम आश्रम में बुजुर्गों के बीच होली का त्योहार मनाया। ये युवा देश वे अलग-अलग हिस्सों में सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर काम करते है। यात्रा का समापन विज्ञान भवन में हुआ। इसके बाद युवाओं ने आनंदधाम में बुजुर्गजनों के साथ होली की खुशियां बांटी। इस मौके पर अनिल कोठारी, शुभम शर्मा, मधुसूदन तोमर,हेमूल बुनकर,सुनील शुक्ला सहित अनेक लोग मौजूद थे।
Published on:
09 Mar 2023 11:16 pm

बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
