9 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘गेहूं खरीदी पर ‘तारीख पर तारीख’ का खेल’…. कांग्रेस का भोपाल में जोरदार प्रदर्शन, सड़क पर उतरे कार्यकर्ता

MP news: मध्य प्रदेश के भोपाल में जिला अध्यक्षों के नेतृत्व में किसानों की समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरे।

2 min read
Google source verification

भोपाल

image

Akash Dewani

Apr 09, 2026

Congress Stages Vigorous Protest in Bhopal regarding farmer issues and Wheat Procurement MP news

Congress Stages Vigorous Protest in Bhopal (Patrika.com)

MP news: मध्य प्रदेश की राजधानी में गुरूवार को कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला। जिला अध्यक्ष भोपाल शहर प्रवीण सक्सेना एवं ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनोखी मानसिंह पटेल के नेतृत्व में किसानों की समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। कांग्रेस ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार की नीतियों के कारण अन्नदाता गंभीर संकट से गुजर रहा है।

गेहूं खरीदी को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन

प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि गेहूं खरीदी को लेकर लगातार लापरवाही बरती जा रही है। खरीदी की तारीखें बार-बार बदली जा रही हैं, कभी 23 मार्च, फिर 1 अप्रैल, 10 अप्रैल और आगे बढ़ाई जा रही हैं। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि ये 'तारीख पर तारीख' का खेल किसानों के साथ अन्याय है, जिससे उनमें भारी आक्रोश व्याप्त है। खरीदी केंद्र समय पर प्रारंभ नहीं हो रहे, जिससे किसान अपनी उपज लेकर भटकने को मजबूर हैं।

डिफॉल्टर घोषित हुए हजारों किसान

कांग्रेस ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सहकारी संस्थाओं के माध्यम से किसानों से ऋण वसूली की अंतिम तिथि 31 मार्च निर्धारित की गई थी, लेकिन अव्यवस्थित नीतियों के कारण हजारों किसान डिफॉल्टर घोषित हो गए हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर सरकार किसानों से कर्ज वसूली का दबाव बना रही है, वहीं दूसरी ओर उनकी उपज की खरीदी तक नहीं कर पा रही है। जब तक किसानों की फसल की खरीदी नहीं होगी और उन्हें भुगतान नहीं मिलेगा, तब तक वे अपना ऋण कैसे चुकाएंगे।

औने-पौने दामों पर उपज बेचने को मजबूर किसान

कांग्रेस ने दावा किया कि स्थिति यह है कि किसान अपनी उपज औने-पौने दामों पर बेचने को मजबूर है, जहां उसे 2000 से 2200 रुपये प्रति क्विंटल तक में गेहूं बेचना पड़ रहा है, जबकि पड़ोसी राज्य राजस्थान में 16 मार्च से गेहूं खरीदी सुचारू रूप से जारी है। यह प्रदेश सरकार की विफलता को दर्शाता है।

कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के बाद भोपाल कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कांग्रेस द्वारा किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान, समय पर खरीदी प्रारंभ करने, उचित समर्थन मूल्य दिलाने एवं ऋण वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई।

प्रदर्शन में मौजूद रहे ये नेता

प्रदर्शन में पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, कांग्रेस सेवादल प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव, वरिष्ठ नेता अरुण श्रीवास्तव, नरेश ज्ञानचंदानी, अभिषेक शर्मा, किसान कांग्रेस शहर जिला अध्यक्ष राघवेंद्र मीना, ग्रामीण अध्यक्ष राम भाई, मेहर जिला कांग्रेस शहर एवं ग्रामीण के ब्लॉक अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चा संगठनों के पदाधिकारी समेत सैंकड़ों कार्यकर्ता इस प्रदर्शन में शमिल हुए।