
व्यापारी के बेटे को चलती कार से फेंकने वाला गुंडा चार माह बाद पकड़ाया
भोपाल. चूनाभट्टी इलाके में व्यापारी नन्हेलाल गुर्जर के बेटे ईशान को चलती कार से फेंक हत्या की कोशिश करने के आरोप में चार महीने से फरार गुंडे फरहान को एसटीएफ, चूनाभट्टी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि मामले में मुख्य आरोपी पूर्व विधानसभा के सचिव सत्यनारायण शर्मा की बेटी श्रुति शर्मा का सुराग नहीं लग सका है। एएसपी अखिल पटेल ने बताया कि फरहान ने अजमेर, इंदौर, रायसेन में फरारी काटी। गुरुवार को वह अजमेर से रायसेन में रहने वाली अपनी खाला के घर आया था। इसी बीच पुलिस ने मंडीदीप में एक दवा निर्माता फैक्ट्री के बाहर दबोच लिया। उस पर 10 हजार रुपए का इनाम था। फरहान कमला पार्क के पास गिन्नौरी का रहने वाला है। उसके खिलाफ तलैया थाने में 11 अपराध दर्ज हैं। वह गुंडा सूची में शामिल है। फिटनेस सेंटर में नौकरी कर चुका है।
मिमिक्री वायरल करने को लेकर हुआ था विवाद
9 नवंबर 2018 को फरहान, श्रुति शर्मा ने ग्लोबल फब सिटी चूनाभट्टी निवासी ईशान गुर्जर के साथ बेरहमी से मारपीट करने के बाद चलती कार से फेंक दिया था। फरहान का कहना था ईशान व उसके दोस्त यश गुर्जर ने उसकी मिमिक्री का वीडियो बनाया था। इसके बाद उसे सोशल मीडिया में वायरल कर दिया था। इसी को लेकर विवाद हुआ था। इस पर श्रुति शर्मा ने फरहान को बुलाकर इशान से बदला लेने के लिए उकसाया।
घटना के बाद सिम तोड़कर हुआ गायब
एएसपी पटेल ने बताया कि फरहान ने बताया कि घटना के बाद से उसका श्रुति से संपर्क नहीं हुआ। उसे जैसे ही पता चला कि पुलिस उसकी तलाश कर रही है, उसने अपने मोबाइल से सिम निकालकर तोड़ दी। इसके बाद रायसेन चला गया। रायसेन से इंदौर गया। कुछ दिन इंदौर में रिश्तेदारों के घर फरारी काटने के बाद अजमेर चला गया। अजमेर में एक धार्मिक स्थल में फरारी काटता रहा। इस बीच वह भोपाल भी आया, लेकिन पुलिस के हाथ नहीं लग सका।
-----
Published on:
09 Mar 2019 06:09 am
