18 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कालका चौराहे से मंडी तक बीआरटीएस हटाने की मांग

गलत दिशा से वाहन लेकर निकलते हैं लोग, हो रहे हादसे

2 min read
Google source verification
कालका चौराहे से मंडी तक बीआरटीएस हटाने की मांग

कालका चौराहे से मंडी तक बीआरटीएस हटाने की मांग

भोपाल. बैरागढ़ में संत कवरराम सब्जी मण्डी को हटाकर कालका मंदिर के पास सीहोर नाके पर शिफ्ट कर दिया गया। कई साल बीत जाने के बाद भी यहां पर व्यवस्थाएं नहीं सुधारी गई हैं। बीआरटीएस कॉरिडोर निर्माण के समय मण्डी का ध्यान नहीं रखा गया।

मण्डी के प्रवेश द्वार के सामने भी बीआरटीएस कॉरिडोर बना दिया गया, जिससे मण्डी से बैरागढ़ की ओर आते समय वाहन चालक हादसे का शिकार हो रहे हैं। मण्डी से कालका चौराहे तक पहुंचने के लिए वाहन चालक गलत साइड से अपने वाहन निकालते हैं, जिसके कारण वे हादसे का शिकार हो रहे हैं।

बता दें कि मंडी से निकलने के बाद अपनी साइड से चलने के लिए वाहन चालकों को करीब एक किलोमीटर दूर जाकर वापस आना पड़ता है। ऐसे में जल्दी के चक्कर में वाहन चालक गलत साइड से जाते हैं। लगातार हो रहे हादसे को देखते हुए व्यापारियों और रहवासियों ने मण्डी के सामने से कॉरिडोर हटाने की मांग की है।

तेज गति से निकलती हैं भोपाल इन्दौर बसें
भोपाल-इन्दौर राजमार्ग होने से यहां से तेजगति से बसें निकलती हैं। यह मार्ग बैरागढ़ से होते हुए इन्दौर के लिए जाता है। यहीं मंडी का प्रवेश द्वार है। ऐसे में यहां से निकलने वाले दो पहिया वाहन चालक हादसे का शिकार हो रहे हैं।

एक ओर लक्ष्मण लॉज से लेकर मण्डी तक का रास्ता अतिक्रमण के कारण संकरा हो गया है, तो दूसरी ओर बीआरटीएस कॉरिडोर ने मुसीबत बढ़ा दी है।

मण्डी में ग्राहकी पर पड़ रहा असर
व्यापारियों की माने तो बैरागढ़ के एक कोने में मण्डी को शिफ्ट कर दिया गया। मार्ग पर अतिक्रमण और रांग साइड होने से ग्राहक मण्डी आने से कतराने लगे हैं। मण्डी के प्रवेश द्वार पर शराब की दुकान होने से महिलाएं खरीदारी करने आने से कतराने लगी हैं। ऐसे में लोग ठेले पर से ही सब्जी खरीद लेते हैं और मंडी में ग्राहक नहीं पहुंचते।