
MP Weather Update : राजधानी भोपाल में इन दिनों से सर्दी से राहत मिल गई है। मौसम में लगातार उतार चढ़ाव का दौर चल रहा है। दिन में धूप के तेवर तीखे हो गए हैं, वहीं रात में हल्की ठंडक का दौर चल रहा है। फिलहाल तापमान इसी तरह रहने की संभावना है।
अभी उतार चढ़ाव का दौर जारी रहेगा, वहीं महाशिवरात्रि के बाद धूप के तेवर और तीखे होने की संभावना जताई जा रही है। शहर में इन दिनों मौसम शुष्क बना हुआ है। तीखी धूप के साथ ही अब पारा धीरे-धीरे चढ़ने लगा है। दिन में जहां गर्मी का अहसास होने लगा है, वहीं रात में हल्की ठंडक बरकरार है। सुबह शाम गुलाबी सर्दी और दिन में तीखी धूप पड़ने लगी है। ऐसे में तापमानों में भी उतार चढ़ाव की स्थिति बनी हुई है।
रविवार को शहर के तापमान(MP Weather Update) में मामूली उतार चढ़ाव का क्रम रहा। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 14.4 डिग्री दर्ज किया गया। इसके चलते अधिकतम तापमान में जहां आधा डिग्री से अधिक की कमी आ गई, वहीं न्यूनतम तापमान में आधा डिग्री की बढ़ोतरी हो गई। मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला का कहना है कि अभी मौसम इसी तरह रहेगा। फरवरी के आखिरी सप्ताह में तापमानों में और बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम विज्ञानी वीएस यादव ने बताया कि फिलहाल कोई बड़ा सिस्टम नहीं है। अभी हवा का रूख पश्चिमी और उत्तर पश्चिमी है। इसलिए फिलहाल मामूली उतार चढ़ाव का दौर चलता रहेगा। 18 फरवरी से एक पश्चिमी विक्षोभ की संभावना है, लेकिन इसका बहुत ज्यादा असर हमारे यहां नहीं रहेगा, आंशिक बादल रह सकते हैं, फिलहाल मौसम शुष्क रहने की संभावना है। तापमान भी इसी तरह बने रहेंगे।
Updated on:
17 Feb 2025, 8:43 AM IST
Published on:
17 Feb 2025, 8:43 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.