elections 2023 : 20 अगस्त को मध्य प्रदेश के मालवा और विंध्य क्षेत्र में दो जनसभाओं को संबोधित करेंगे दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी चीफ अरविंद केजरीवाल।
elections 2023 : मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 का समय जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे वैसे राजनीतिक दलों की चुनावी तैयारियां तेज होती जा रही हैं। भाजपा और कांग्रेस के साथ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने भी मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कमर कस ली है। इसी के चलते मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आने वाली 20 अगस्त 2023 को मध्य प्रदेश दौरे पर आ रहे हैं।
मध्य प्रदेश में साल 2023 के अंत तक होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा, कांग्रेस के बाद आम आदमी पार्टी भी जोर शोर के साथ चुनावी मैदान में उतर चुकी है। प्रदेश स्तरीय नेताओं के साथ साथ अब दिल्ली और पंजाब का नेतृत्व भी प्रदेश में जनसभाएं और रोड शो करने वाले हैं। इसी कड़ी में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अगले चार दिन बाद मध्य प्रदेश के मालवा और विंध्य के दौरे पर आ रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन दोनों क्षेत्रों में अरविंद केजरीवाल बड़ी चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे।
पार्टी की तैयारी तेज
बता दें कि, मध्य प्रदेश के ग्वालियर और भोपाल में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपना चुनावी दौरा कर चुके हैं। वहीं अब 20 अगस्त को केजरीवाल का अगला दौरा होने जा रहा है। अरविंद केजरीवाल के दौरे को लेकर मध्य प्रदेश संगठन को सहमति मिल गई है। हरी झंडी मिलने के बाद ही मध्य प्रदेश की आम आदमी पार्टी द्वारा विंध्य और मालवा दौरों को लेकर तैयारी तेज कर दी है।